जन शिकायतों पर डीसी ने दिए त्वरित समाधान के निर्देश
लातेहार। उपायुक्त सह जिला दंडाधिकारी संदीप कुमार की अध्यक्षता में मंगलवार को उपायुक्त कार्यालय कक्ष में साप्ताहिक जन शिकायत निवारण कार्यक्रम आयोजित किया गया। इसमें जिले के विभिन्न शहरी और ग्रामीण इलाकों से पहुंचे लोगों ने अपनी समस्याएं सीधे उपायुक्त के समक्ष रखीं।
कार्यक्रम के दौरान उपायुक्त ने प्रत्येक फरियादी की बात गंभीरता से सुनी और संबंधित मामलों की जांच कर जल्द कार्रवाई का भरोसा दिया। इस दौरान जमीन की ऑनलाइन रसीद जारी करने, घर गिरने के बाद सहायता उपलब्ध कराने, खतियानी जमीन पर खेती से जुड़े विवाद तथा इलाज के लिए आर्थिक सहयोग देने सहित कई आवेदन प्राप्त हुए।
शिकायतों को सुनने के बाद उपायुक्त ने संबंधित विभागों के अधिकारियों को मामलों का भौतिक सत्यापन कराने का निर्देश दिया। उन्होंने कहा कि जांच के बाद पात्र लोगों को नियमानुसार राहत और आवश्यक सहायता उपलब्ध कराई जाए। साथ ही लंबित शिकायतों के निपटारे में अनावश्यक देरी नहीं करने को कहा।
उपायुक्त ने अधिकारियों से कहा कि जन शिकायतों को केवल आवेदन तक सीमित न रखें, बल्कि मौके पर जाकर वास्तविक स्थिति की जानकारी लें और नियमानुसार कार्रवाई सुनिश्चित करें। इससे लोगों को सरकारी योजनाओं और सेवाओं का लाभ समय पर मिल सकेगा।
जिला प्रशासन की ओर से आम लोगों की समस्याओं के त्वरित समाधान के लिए जिला, अनुमंडल और प्रखंड स्तर पर भी जन शिकायत निवारण की व्यवस्था की गई है। इसके तहत प्रत्येक मंगलवार और शुक्रवार को संबंधित कार्यालयों में लोगों की शिकायतें सुनी जाती हैं और उनके निराकरण की कार्रवाई की जाती है।
![]()





