पाकुड़ मंडल कारा में डालसा का जेल अदालत व स्वास्थ्य शिविर,बंदियों को मिला कानूनी मार्गदर्शन
Pakud News

पाकुड़ संवाददाता। पाकुड़ मंडल कारा में जिला विधिक सेवा प्राधिकार (डालसा) की ओर से जेल अदालत सह चिकित्सीय जांच शिविर का आयोजन किया गया। यह कार्यक्रम झालसा रांची के निर्देश पर आयोजित किया गया, जिसमें बंदियों को उनके कानूनी अधिकारों और निःशुल्क विधिक सहायता के बारे में विस्तृत जानकारी दी गई।
कार्यक्रम के दौरान डालसा के प्रभारी सचिव विशाल मांझी ने बंदियों को प्ली बार्गेनिंग की प्रक्रिया और उसके प्रावधानों की जानकारी दी। उन्होंने बताया कि छोटे और समझौता योग्य मामलों में प्ली बार्गेनिंग के माध्यम से मामलों का शीघ्र निपटारा किया जा सकता है। इससे न केवल सजा में राहत मिलती है, बल्कि न्यायिक प्रक्रिया में लगने वाला समय भी कम होता है और पात्र बंदियों को जल्द रिहाई का अवसर मिल सकता है।

एलएडीसीएस के डिप्टी चीफ संजीव कुमार मंडल ने भी बंदियों को निःशुल्क कानूनी सहायता, जमानत से जुड़े प्रावधानों और उपलब्ध सेवाओं की जानकारी दी। इस दौरान बंदियों की समस्याएं सुनी गईं और उनकी स्वास्थ्य स्थिति पर भी चर्चा की गई।
शिविर के तहत मेडिकल टीम द्वारा बंदियों की स्वास्थ्य जांच की गई, जिसमें बीपी, शुगर सहित अन्य सामान्य जांच शामिल रही। चिकित्सकों ने आवश्यक स्वास्थ्य परामर्श भी दिया और जरूरतमंद बंदियों को उचित सलाह उपलब्ध कराई।
कार्यक्रम की शुरुआत दीप प्रज्वलन के साथ की गई, जिसमें प्रभारी डालसा सचिव विशाल मांझी, डॉ. एसके झा, जेल प्रशासनिक अधिकारी, एलएडीसीएस डिप्टी चीफ संजीव कुमार मंडल, सहायक गंगाराम टुडू, अजफर हुसैन विश्वास सहित अन्य अधिकारी मौजूद रहे।
कार्यक्रम में डालसा कर्मी, जेल प्रशासन के अधिकारी और स्वास्थ्य विभाग की मेडिकल टीम ने सक्रिय भूमिका निभाई।
![]()




