
लातेहार : जिले में अन्य पिछड़ा वर्ग (OBC) के अधिकारों और जाति आधारित जनगणना की मांग को लेकर माहौल तेज होता जा रहा है। इसी कड़ी में 20 सितंबर 2026 को शहर के उत्सव मंडप में OBC समाज की एक महत्वपूर्ण बैठक आयोजित की गई। बैठक का मुख्य उद्देश्य आगामी 4 अक्टूबर 2026 को लातेहार में होने वाले “OBC जागरूकता सह अधिकार सम्मेलन” की तैयारियों को अंतिम रूप देना था।

बैठक की अध्यक्षता वरिष्ठ समाजसेवी शिवनंदन प्रसाद यादव ने की, जबकि मुख्य वक्ता के रूप में राष्ट्रीय पिछड़ा वर्ग (OBC) मोर्चा, झारखंड के प्रदेश प्रभारी एडवोकेट विजय प्रताप भारती ने उपस्थित लोगों को संबोधित किया। उन्होंने कहा कि जाति आधारित जनगणना OBC समाज के सामाजिक और आर्थिक सशक्तिकरण के लिए बेहद जरूरी है। इससे समाज की वास्तविक स्थिति सामने आएगी और उसी के आधार पर नीतियां बनाई जा सकेंगी।
बैठक में वक्ताओं ने एक स्वर में कहा कि संविधान द्वारा मिले अधिकारों की रक्षा और उन्हें व्यवहार में लागू कराने के लिए समाज को संगठित होना होगा। उन्होंने जोर देकर कहा कि जब तक OBC समाज अपनी ताकत का एहसास नहीं कराएगा, तब तक उसकी आवाज को उचित मंच नहीं मिलेगा। इसीलिए 4 अक्टूबर को होने वाला सम्मेलन ऐतिहासिक बनाने का संकल्प लिया गया।
बैठक में रमेश गुप्ता, दशरथ ठाकुर, उमेश कुमार सोनी, गोपाल प्रसाद, राजीव रंजन प्रसाद, गया प्रसाद, मोहर यादव, अर्जुन प्रजापति, किरण चंद्रवंशी, अयोध्या जायसवाल, नरेश प्रसाद, मुरली प्रसाद, सागर कुमार, दीपक कुमार, संतोष कुमार ठाकुर, दिलीप कुमार ठाकुर, अशोक प्रसाद, मनोज यादव, सुरेश प्रसाद, संजय प्रसाद समेत कई गणमान्य लोग मौजूद रहे। इसके अलावा OBC समाज के विभिन्न जाति समूहों के अध्यक्षों ने भी अपनी भागीदारी सुनिश्चित करते हुए सम्मेलन को सफल बनाने का भरोसा दिया।

कार्यक्रम में सभी वक्ताओं ने एकजुटता पर विशेष जोर दिया और “चट्टानी एकता” के साथ हजारों की संख्या में सम्मेलन में भाग लेने का संकल्प लिया। उन्होंने कहा कि यह सम्मेलन केवल एक कार्यक्रम नहीं, बल्कि OBC समाज के अधिकारों की लड़ाई का एक मजबूत मंच बनेगा।
बैठक का संचालन राष्ट्रीय पिछड़ा वर्ग (OBC) मोर्चा के लातेहार जिलाध्यक्ष धर्मेंद्र प्रसाद ने किया, जबकि अंत में मुरली प्रसाद ने धन्यवाद ज्ञापन कर कार्यक्रम का समापन किया।
![]()




