बिरसा चौक से रानी दिघी घाट तक निकली ‘रन फॉर क्लीननेस’, डीसी मेघा भारद्वाज ने दिया स्वच्छता का संदेश
धरती आबा बिरसा मुंडा की 151वीं जयंती और झारखंड स्थापना दिवस पर प्रतिमा पर माल्यार्पण कर किया नमन, प्रशासनिक अधिकारियों, एनसीसी-एनएसएस कैडेटों और नागरिकों ने लिया हिस्सा

रिपोर्ट : निशांत कुमार सानू,
- धरती आबा को नमन के बाद बिरसा चौक से रानी दिघी घाट तक निकली ‘रन फॉर क्लीननेस’, डीसी मेघा भारद्वाज समेत प्रशासनिक अधिकारियों ने दिया स्वच्छता का संदेश
पाकुड़। भगवान बिरसा मुंडा की 151वीं जयंती और झारखंड के 26वें स्थापना दिवस के अवसर पर रविवार को पाकुड़ में श्रद्धांजलि के साथ स्वच्छता का संदेश दिया गया। जिला प्रशासन की ओर से धरती आबा को नमन करने के बाद स्वच्छता को जनआंदोलन बनाने के उद्देश्य से ‘रन फॉर क्लीननेस’ का आयोजन किया गया। बिरसा चौक से रानी दिघी छठ घाट तक निकाली गई इस जागरूकता दौड़ में उपायुक्त मेघा भारद्वाज समेत प्रशासनिक अधिकारियों, सरकारी कर्मचारियों, एनसीसी-एनएसएस कैडेटों और स्थानीय नागरिकों ने उत्साहपूर्वक भाग लिया।

दो स्थानों पर प्रतिमा पर माल्यार्पण कर किया नमन
स्वच्छता दौड़ से पहले उपायुक्त मेघा भारद्वाज, उप विकास आयुक्त अरविंद कुमार लाल, एसडीपीओ और नगर परिषद अध्यक्ष शबरी पाल सहित जिले के कई वरीय अधिकारियों ने बिरसा चौक और हाटपाड़ा स्थित भगवान बिरसा मुंडा की प्रतिमा पर माल्यार्पण कर श्रद्धासुमन अर्पित किए। अधिकारियों ने धरती आबा के संघर्ष, अदम्य साहस और बलिदान को याद करते हुए उनके आदर्शों पर चलने का आह्वान किया।
बिरसा चौक से रानी दिघी घाट तक दौड़, स्वच्छता का दिया संदेश
माल्यार्पण कार्यक्रम के बाद बिरसा चौक से रानी दिघी छठ घाट तक स्वच्छता दौड़ आयोजित हुई। इसमें प्रशासनिक अधिकारियों, सरकारी कर्मचारियों, एनसीसी और एनएसएस कैडेटों के साथ स्थानीय नागरिकों ने उत्साहपूर्वक भाग लिया। दौड़ के जरिए सार्वजनिक स्थलों को स्वच्छ रखने और साफ-सफाई के प्रति नागरिक जिम्मेदारी निभाने का संदेश दिया गया।

छठ घाटों की सफाई से दिया स्वच्छता का संकल्प
कार्यक्रम के तहत छठ घाटों की साफ-सफाई पर विशेष जोर दिया गया। प्रशासन की इस पहल का उद्देश्य आगामी पर्व के मद्देनजर घाटों को स्वच्छ बनाने के साथ आम लोगों को स्वच्छता के प्रति जागरूक करना रहा। अधिकारियों ने साफ-सफाई को केवल प्रशासन की जिम्मेदारी नहीं, बल्कि प्रत्येक नागरिक का कर्तव्य बताया। स्थापना दिवस पर आयोजित इस अभियान ने धरती आबा को श्रद्धांजलि के साथ स्वच्छ, सुंदर और जागरूक पाकुड़ बनाने का संदेश दिया।
![]()





