कोटालपोखर संवाददाता। साहिबगंज जिले के बरहरवा थाना क्षेत्र अंतर्गत झालदिग्घी झिकटिया चौक के समीप शुक्रवार देर रात एक किराना दुकान में चोरी की घटना सामने आई है। चोरी के दौरान चोरों को पकड़ने की कोशिश में बुजुर्ग दुकानदार घायल हो गए।
मिली जानकारी के अनुसार, झिकटिया चौक निवासी लक्खू प्रसाद गुप्ता (78), पिता स्वर्गीय ठाकुर प्रसाद गुप्ता अपने घर में ही किराना दुकान चलाते हैं। शुक्रवार रात करीब 1:30 बजे कुछ चोर दुकान के पिछले हिस्से से छप्पर की टाली हटाकर अंदर घुस गए और सामान चोरी करने लगे।
दुकानदार लक्खू प्रसाद गुप्ता ने बताया कि वे दुकान में ही सो रहे थे। अचानक हलचल की आवाज सुनकर उनकी नींद खुली और उन्होंने चोरों को पकड़ने का प्रयास किया। इस दौरान दो युवक भागने लगे, जबकि एक युवती को उन्होंने पकड़ लिया। युवती के पकड़े जाने पर दोनों युवक वापस लौटे और धारदार हथियार से लक्खू पर हमला कर दिया, जिससे उनकी पीठ पर गंभीर चोटें आईं।
उन्होंने बताया कि चोर दुकान से हजारों रुपये के सामान के साथ करीब 10 हजार रुपये नकद भी ले गए। लक्खू ने बताया कि तीनों चोर नाबालिग लग रहे थे और उन्होंने एक युवती की पहचान भी कर ली थी।
घटना की सूचना मिलने पर तड़के सुबह पुलिस मौके पर पहुंची और छानबीन करते हुए तीनों आरोपियों को पकड़कर थाने ले आई। घायल दुकानदार का इलाज जारी है। समाचार लिखे जाने तक थाने में आवेदन देने की प्रक्रिया चल रही थी।