गिरिडीह संवाददाता।
अखिल भारतीय विद्यार्थी परिषद (एबीवीपी) गिरिडीह इकाई द्वारा झंडा मैदान से टावर चौक तक विशाल मशाल यात्रा निकाली गई। यह प्रदर्शन JPSC और JSSC की प्रतियोगी परीक्षाओं में कथित पेपर लीक, धांधली, अनियमितताओं और भ्रष्टाचार के विरोध में किया गया।
मौके पर अभाविप प्रदेश सह मंत्री मंटू मुर्मू ने कहा कि 14वीं JPSC प्रारंभिक परीक्षा (PT) और JSSC-CGL जैसी विवादित परीक्षाओं को पूरी तरह रद्द किया जाना चाहिए। उन्होंने मांग की कि पूरे मामले की निष्पक्ष जांच केंद्रीय एजेंसी CBI या ED से कराई जाए, क्योंकि राज्य सरकार की CID जांच पर संगठन और छात्रों को भरोसा नहीं है।
जिला संयोजक नीरज चौधरी ने कहा कि भर्ती प्रक्रिया में पारदर्शिता लाने, परीक्षा प्रणाली में सुधार करने और नियमित परीक्षा कैलेंडर जारी करने की जरूरत है। साथ ही दोषी अधिकारियों और संस्थानों पर कड़ी कार्रवाई की जानी चाहिए।
SFS सह संयोजक अनीश राय ने कहा कि CID द्वारा अब तक 14 से अधिक आरोपियों की गिरफ्तारी की गई है, लेकिन मामले की निष्पक्षता सुनिश्चित करने के लिए सभी आरोपियों को CBI को सौंपकर आगे की जांच कराई जानी चाहिए।
मशाल यात्रा के दौरान बड़ी संख्या में छात्र-छात्राएं और कार्यकर्ता मौजूद रहे। इस दौरान नगर सह मंत्री अभिजीत सिन्हा, आकाश श्रीवास्तव, राजेश यादव, सोनू यादव, विद्या भारती, ज्योति कुमारी, सोनाली कुमारी, ममता कुमारी, प्रशांत कुमार सहित अन्य कार्यकर्ता उपस्थित थे।