राजमहल में लक्ष्मी होटल में चोरी, गैस सिलेंडर और मोटर समेत सामान गायब
निबंधन कार्यालय के समीप होटल की खिड़की तोड़कर घुसे चोर, पुलिस ने शुरू की जांच

राजमहल में चोरों का दुस्साहस, लक्ष्मी होटल में चोरी; सिलेंडर, मोटर और बर्तन ले उड़े
रिपोर्ट : राहुल कुमार साह,
राजमहल। राजमहल में चोरी की घटनाएं लगातार बढ़ रही हैं। चोरों ने अब निबंधन कार्यालय के समीप स्थित लक्ष्मी होटल को निशाना बनाकर पुलिस की सुरक्षा व्यवस्था को चुनौती दी है। मंगलवार देर रात अज्ञात चोर होटल की खिड़की तोड़कर अंदर घुसे और गैस सिलेंडर, मोटर, बर्तन समेत कई जरूरी सामान चोरी कर फरार हो गये। चोरी के दौरान होटल में सामान बिखरा पड़ा था। बुधवार सुबह होटल खोलने पहुंचे संचालक ने अंदर का नजारा देखकर हैरान रह गये।

रात 10 बजे बंद किया होटल, सुबह गायब मिला सामान
होटल संचालक तपन बर्मन ने बताया कि मंगलवार रात करीब 10 बजे रोजाना की तरह होटल बंद कर घर चले गये थे। बुधवार सुबह करीब आठ बजे होटल खोलने पहुंचे तो अंदर सामान बिखरा हुआ मिला। जांच करने पर एक गैस सिलेंडर, मोटर, बर्तन समेत कई जरूरी सामान गायब मिले। इसके बाद उन्होंने तत्काल स्थानीय पुलिस को घटना की सूचना दी।
खिड़की तोड़कर होटल में घुसे चोर
प्रारंभिक जानकारी के अनुसार, चोरों ने होटल की खिड़की तोड़कर अंदर प्रवेश किया और वहां रखे सामान चोरी कर लिये। वारदात को अंजाम देने के बाद चोर मौके से फरार हो गये। निबंधन कार्यालय जैसे महत्वपूर्ण स्थान के समीप चोरी की घटना होने से इलाके की सुरक्षा व्यवस्था पर सवाल उठने लगे हैं। स्थानीय लोगों में भी चोरी की घटना को लेकर चिंता व्याप्त है।
पुलिस ने की जांच, आवेदन मिलने पर होगी कार्रवाई
चोरी की सूचना मिलने पर एएसआइ कालीपदो मुर्मू घटनास्थल पर पहुंचे और मामले की छानबीन की। थाना प्रभारी हसनैन अंसारी ने बताया कि घटना को लेकर अब तक लिखित आवेदन प्राप्त नहीं हुआ है। आवेदन मिलने के बाद आगे की कानूनी कार्रवाई की जायेगी।
फिलहाल पुलिस मामले की जांच कर रही है। स्थानीय लोगों ने क्षेत्र में पुलिस गश्ती बढ़ाने और चोरी की घटनाओं पर अंकुश लगाने की मांग की है।
![]()





