
संवाददाता :अनुज तिवारी,
मेदिनीनगर (पलामू)। पलामू पुलिस ने बड़ी आपराधिक घटना को अंजाम देने की कथित साजिश को नाकाम करते हुए राहुल दुबे गैंग से जुड़े चार संदिग्ध युवकों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने इनके पास से दो देशी पिस्टल, दो मैगजीन, 12 जिंदा कारतूस, एक खोखा और दो स्क्रीन टच मोबाइल फोन बरामद किए हैं। पुलिस के अनुसार, गिरफ्तार आरोपी लहलहे में चल रहे एक कंस्ट्रक्शन साइट पर फायरिंग कर लेवी मांगने की योजना बना रहे थे।
पुलिस अधीक्षक, पलामू को 17 नवंबर 2026 की रात गुप्त सूचना मिली थी कि कुछ संदिग्ध व्यक्ति अवैध हथियारों के साथ मंगरदाहा घाटी में घूम रहे हैं और किसी बड़ी आपराधिक घटना को अंजाम देने की फिराक में हैं। सूचना की गंभीरता को देखते हुए एसपी के निर्देश पर सदर अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी राजेश यादव के नेतृत्व में विशेष छापेमारी दल का गठन किया गया।
कचड़ा डिपो के पास पुलिस ने चार युवकों को दबोचा
पुलिस टीम ने मंगरदाहा घाटी स्थित कचड़ा डिपो के पास छापेमारी की। इस दौरान पुलिस बल को देखकर भागने का प्रयास कर रहे चार संदिग्ध युवकों को घेराबंदी कर पकड़ लिया गया। तलाशी के दौरान उनके पास से अवैध हथियार और अन्य सामान बरामद किए गए।
लहलहे की निर्माण साइट पर फायरिंग की थी योजना
पुलिस के अनुसार, पूछताछ के दौरान गिरफ्तार आरोपी सईद मोसाहिद उर्फ छोटू ने बताया कि वे राहुल दुबे गैंग के लिए काम करते हैं। सभी आरोपी लहलहे में संचालित एक निर्माण स्थल पर लेवी की मांग करने के उद्देश्य से फायरिंग करने की योजना बना रहे थे। पुलिस इस मामले में अन्य संभावित कड़ियों की भी जांच कर रही है।

गिरफ्तार आरोपियों की पहचान
पुलिस द्वारा गिरफ्तार किए गए चारों आरोपियों की पहचान इस प्रकार की गई है—
सईद मोसाहिद उर्फ छोटू, पिता सईद जावेद खान, निवासी हुसैनी मोहल्ला, शाहपुर, थाना चैनपुर, पलामू।
मो. सैफ, पिता मो. शमीम, निवासी नई मोहल्ला, शाहपुर, थाना चैनपुर, पलामू।
युसुफ अंसारी, पिता ग्यासुदीन अंसारी, निवासी बंजारी, थाना चैनपुर, पलामू।
शाहिद खलीफा, पिता स्वर्गीय शकील खलीफा, निवासी नई मोहल्ला, शाहपुर, थाना चैनपुर, पलामू।
एक आरोपी का आपराधिक इतिहास भी सामने आया
पुलिस के अनुसार, गिरफ्तार आरोपी सईद मोसाहिद उर्फ छोटू के खिलाफ चैनपुर थाना कांड संख्या 228/25 दर्ज है। यह मामला 22 नवंबर 2025 का बताया गया है, जिसमें बीएनएस की विभिन्न धाराओं के तहत प्राथमिकी दर्ज की गई थी।
छापेमारी में शामिल रही पुलिस टीम
पूरी कार्रवाई सदर अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी राजेश यादव के नेतृत्व में की गई। छापेमारी दल में चैनपुर थाना प्रभारी पु०अ०नि० लाल जी, पु०अ०नि० शिवनाथ रंजन, पु०अ०नि० रमण यादव, पु०अ०नि० अनुप टोपनो, स०अ०नि० सिंगराय हेम्ब्रम, स०अ०नि० विक्रम सिंह तामसोय तथा चैनपुर थाना के सशस्त्र बल शामिल थे।
![]()




