घाघरा प्रखंड सभागार में मतदाता सूची विशेष संक्षिप्त पुनरीक्षण को लेकर एक दिवसीय प्रशिक्षण आयोजित


प्रेम कुमार साहू की रिपोर्ट,
गुमला/घाघरा प्रखंड सभागार में शुक्रवार को मतदाता सूची के विशेष संक्षिप्त पुनरीक्षण कार्यक्रम (एसएआर) को लेकर एक दिवसीय प्रशिक्षण कार्यक्रम का आयोजन किया गया। इस प्रशिक्षण कार्यक्रम में विभिन्न राजनीतिक दलों के प्रखंड अध्यक्षों, बीएलए-2 एवं संबंधित कर्मियों को मतदाता सूची पुनरीक्षण से जुड़ी महत्वपूर्ण जानकारियां दी गईं। प्रशिक्षण कार्यक्रम में मुख्य रूप से अंचल अधिकारी सह प्रखंड विकास पदाधिकारी खाखा सुशील कुमार एवं कंप्यूटर सहायक ज्योति लाल महतो उपस्थित रहे।
कार्यक्रम के दौरान खाखा सुशील कुमार ने उपस्थित लोगों को संबोधित करते हुए बताया कि भारत निर्वाचन आयोग के निर्देशानुसार 30 जून से 29 जुलाई तक विशेष संक्षिप्त पुनरीक्षण अभियान चलाया जाएगा। इस दौरान सभी बीएलओ अपने-अपने क्षेत्र में घर-घर जाकर गणना पत्र का वितरण करेंगे तथा मतदाताओं की जानकारी का सत्यापन करेंगे। उन्होंने कहा कि जिन लोगों का नाम वर्तमान मतदाता सूची में शामिल नहीं है, वे निर्धारित प्रपत्र फॉर्म-6 भरकर अपना नाम जुड़वा सकते हैं।
उन्होंने यह भी बताया कि मतदाता सूची में किसी प्रकार की त्रुटि होने पर फॉर्म-8 के माध्यम से सुधार कराया जा सकता है तथा मृत अथवा स्थायी रूप से स्थानांतरित मतदाताओं का नाम हटाने के लिए संबंधित प्रक्रिया अपनाई जाएगी। प्रशिक्षण में बीएलए-2 को यह जानकारी दी गई कि वे अपने-अपने बूथ क्षेत्र में अधिक से अधिक पात्र मतदाताओं को जागरूक करें और नए मतदाताओं का नाम सूची में जोड़ने में सहयोग करें।
कंप्यूटर सहायक ज्योति लाल महतो ने ऑनलाइन प्रक्रिया, वोटर हेल्पलाइन ऐप एवं निर्वाचन आयोग के पोर्टल के माध्यम से आवेदन करने की जानकारी विस्तारपूर्वक दी। उन्होंने बताया कि अब मतदाता घर बैठे भी ऑनलाइन आवेदन कर सकते हैं। साथ ही सभी बीएलओ को समय पर कार्य पूर्ण करने एवं शत-प्रतिशत सत्यापन सुनिश्चित करने का निर्देश दिया गया।
प्रशिक्षण कार्यक्रम के अंत में अधिकारियों ने कहा कि लोकतंत्र की मजबूती के लिए प्रत्येक पात्र नागरिक का मतदाता सूची में नाम होना आवश्यक है। इसके लिए प्रशासन द्वारा व्यापक स्तर पर जागरूकता अभियान भी चलाया जाएगा ताकि कोई भी योग्य मतदाता अपने मतदान अधिकार से वंचित न रहे।
![]()




