लातेहार। सदर थाना क्षेत्र अंतर्गत ट्री रेस्टोरेंट के समीप बुधवार रात करीब 8 बजे एक दर्दनाक सड़क हादसे में बाइक सवार युवक की मौत हो गई। युवक अज्ञात वाहन की चपेट में आकर गंभीर रूप से घायल हो गया।
स्थानीय लोगों की सूचना पर लातेहार थाना पुलिस मौके पर पहुंची और घायल युवक को तत्काल सदर अस्पताल लातेहार भेजा गया, जहां चिकित्सकों ने उसे मृत घोषित कर दिया।
मृतक की पहचान मनिका थाना क्षेत्र के ग्राम पल्हेया निवासी सिनोद उर्फ सनोज यादव (उम्र लगभग 40 वर्ष), पिता राजेश्वर यादव, के रूप में की गई है। घटना की सूचना मिलते ही परिजनों में कोहराम मच गया, वहीं गांव में शोक की लहर दौड़ गई।
जानकारी के अनुसार, सनोज यादव लातेहार से अपने घर मनिका लौट रहे थे। इसी दौरान पीछे से तेज रफ्तार में आ रही एक कार ने उनकी बाइक को जोरदार टक्कर मार दी। टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि वे सड़क पर गिर पड़े और गंभीर रूप से घायल हो गए। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, टक्कर के बाद उनकी मौके पर ही मौत हो गई।
सदर थाना प्रभारी रामाकांत गुप्ता ने बताया कि सड़क दुर्घटना में युवक की मौत हुई है। पुलिस ने दोनों वाहनों को जब्त कर लिया है तथा मामले की विस्तृत जांच की जा रही है। पोस्टमार्टम के उपरांत शव परिजनों को सौंप दिया गया।