
लातेहार: 14 अप्रैल को भारत रत्न बाबा साहब भीमराव अंबेडकर की जयंती पर लातेहार में भारतीय जनता पार्टी के कार्यकर्ताओं ने श्रद्धा के साथ उन्हें याद किया। इस अवसर पर भाजपा प्रदेश कार्यसमिति सदस्य सह पूर्व जिला 20 सूत्री उपाध्यक्ष राजधनी प्रसाद यादव ने कहा कि बाबा साहब भीमराव अंबेडकर समाज में सदियों से दबे-कुचले वर्गों की आवाज बने। उन्होंने एक समतामूलक समाज की परिकल्पना की और उसे संविधान के माध्यम से मूर्त रूप दिया।
श्री यादव ने कहा कि अंबेडकर ने संविधान निर्माण के दौरान सभी वर्गों को समान अधिकार दिलाने की व्यवस्था की, ताकि समाज में कोई भेदभाव न रहे। उन्होंने आरक्षण की व्यवस्था कर यह सुनिश्चित किया कि वंचित वर्गों को भी समाज की मुख्यधारा में आने का अवसर मिले।
श्री यादव ने कांग्रेस नेता राहुल गांधी पर निशाना साधते हुए कहा कि जब राहुल गांधी हर मोर्चे पर असफल रहे, तो उन्होंने भाजपा पर संविधान के साथ छेड़छाड़ करने का झूठा और निराधार आरोप लगाकर देश की जनता को गुमराह करने का प्रयास किया। उन्होंने कहा कि भाजपा का संविधान और बाबा साहब अंबेडकर के विचारों के प्रति पूरा सम्मान है।
भाजपा जिला अध्यक्ष पंकज सिंह ने भी कांग्रेस पर हमला करते हुए कहा कि भाजपा ने हमेशा बाबा साहब को मान-सम्मान दिया है, जबकि कांग्रेस ने उन्हें हमेशा अपमानित करने का प्रयास किया। उन्होंने आरोप लगाया कि जब अंबेडकर संविधान सभा के अध्यक्ष पद के लिए चुनाव लड़ रहे थे, तब कांग्रेस ने उन्हें हराने के लिए साजिश रची थी।
भाजपा नेता राजीव रंजन पांडेय ने वक्फ बोर्ड बिल को लेकर कांग्रेस पर तीखा प्रहार किया। उन्होंने कहा कि कांग्रेस बिना किसी जानकारी के इस बिल पर भ्रामक बयान देकर देश की जनता को गुमराह कर रही है।
श्री पंकज सिंह ने कहा कि देश के प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी बाबा साहब अंबेडकर के सपनों को साकार करने का प्रयास कर रहे हैं। उनका उद्देश्य है कि समाज के अंतिम पंक्ति में खड़े व्यक्ति तक विकास की किरण पहुंचे और हर वर्ग को न्याय मिले।
इससे पूर्व भाजपाइयों ने शहर के स्वामी विवेकानंद पार्क में स्थापित बाबा साहब की प्रतिमा पर माल्यार्पण कर उन्हें श्रद्धांजलि अर्पित की। कार्यक्रम में भाजपा नेता गोविंद प्रसाद, राजीव रंजन पांडेय, मुकेश कुमार पांडेय, आनंद सिंह, अश्विनी सिंह, विवेक चंद्रवंशी समेत बड़ी संख्या में भाजपा कार्यकर्ता उपस्थित थे।