पाकुड़ के 21 जरूरतमंद मरीजों को मिलेगी मुख्यमंत्री स्वास्थ्य सहायता योजना की मदद, डीसी ने आवेदनों को दी मंजूरी
Pakud News
रिपोर्ट: केशव तिवारी, ब्यूरो चीफ।
पाकुड़। गंभीर बीमारियों से जूझ रहे आर्थिक रूप से कमजोर परिवारों को राहत पहुंचाने की दिशा में पाकुड़ जिला प्रशासन ने महत्वपूर्ण पहल की है। मुख्यमंत्री स्वास्थ्य सहायता योजना के तहत जिले के अनुसूचित जनजाति वर्ग के 21 जरूरतमंद मरीजों को आर्थिक सहायता मिलने का रास्ता साफ हो गया है। बुधवार को समाहरणालय में उपायुक्त मेघा भारद्वाज की अध्यक्षता में आयोजित बैठक में मरीजों से संबंधित 21 आवेदनों को स्वीकृति प्रदान की गई।
इस निर्णय से बीमारी के इलाज और अन्य जरूरी जरूरतों को पूरा करने में आर्थिक कठिनाइयों का सामना कर रहे मरीजों एवं उनके परिजनों को राहत मिलने की उम्मीद है।
बीमारी के दौरान आर्थिक सहयोग उपलब्ध कराना योजना का उद्देश्य
बैठक में मुख्यमंत्री स्वास्थ्य सहायता योजना के तहत प्राप्त आवेदनों की समीक्षा की गई। इस योजना का उद्देश्य अनुसूचित जनजाति, अनुसूचित जाति एवं पिछड़ा वर्ग के आर्थिक रूप से कमजोर जरूरतमंद लोगों को बीमारी की स्थिति में आर्थिक सहयोग उपलब्ध कराना है। इसके तहत स्वास्थ्य एवं आरोग्य से जुड़ी जरूरतों तथा पौष्टिक आहार की व्यवस्था के लिए निर्धारित सहायता राशि दी जाती है।
कैंसर पीड़ितों को अधिकतम 25 हजार रुपये तक सहायता
योजना के प्रावधानों के अनुसार वयस्क लाभुकों को 3,000 से 5,000 रुपये तथा अवयस्क लाभुकों को 1,500 से 2,500 रुपये तक आर्थिक सहायता दी जाती है। वहीं, कैंसर से पीड़ित वयस्क मरीजों को अधिकतम 25,000 रुपये और अवयस्क कैंसर मरीजों को अधिकतम 15,000 रुपये तक सहायता देने का प्रावधान है।
आवेदन के साथ जरूरी दस्तावेज अनिवार्य
योजना का लाभ प्राप्त करने के लिए आवेदकों को राशन कार्ड, आधार कार्ड, बैंक खाते का विवरण, जाति प्रमाण पत्र और आय प्रमाण पत्र सहित निर्धारित दस्तावेज जमा करना अनिवार्य है। सभी आवश्यक कागजातों के सत्यापन के बाद पात्र लाभुकों को नियमानुसार सहायता उपलब्ध कराई जाती है।
बैठक में ये अधिकारी रहे मौजूद
बैठक में परियोजना निदेशक, आईटीडीए अरुण एक्का, जिला शिक्षा पदाधिकारी अनिता पूर्ति सहित संबंधित विभागों के पदाधिकारी उपस्थित थे।
![]()