चंदवा में 22 वर्षीय अंकित किशन तीन दिनों से लापता, परिजनों ने पुलिस से लगाई गुहार
Latehar News

चंदवा में तीन दिनों से लापता है 22 वर्षीय युवक अंकित किशन, परिजनों ने थाने में दिया आवेदन
लातेहार। चंदवा थाना क्षेत्र के धोबीटोला निवासी 22 वर्षीय युवक अंकित किशन पिछले तीन दिनों से लापता है। वह बीते 18 नवंबर को दोपहर करीब 3 बजे अपने घर से निकला था, लेकिन इसके बाद वापस नहीं लौटा। काफी खोजबीन के बावजूद युवक का कोई सुराग नहीं मिलने पर परिजनों ने चंदवा थाना पहुंचकर पुलिस को लिखित आवेदन दिया है और उसकी जल्द तलाश करने की गुहार लगाई है।
लापता युवक की बहन रंजीता कुमारी ने पुलिस को दिए आवेदन में बताया कि अंकित घर से बिना किसी को कुछ बताए निकला था। इसके बाद से उसका मोबाइल फोन और मैसेज के माध्यम से संपर्क करने का लगातार प्रयास किया जा रहा है, लेकिन उसकी ओर से कोई जवाब नहीं मिल रहा है। परिवार के सदस्यों और रिश्तेदारों ने भी अपने स्तर से संभावित स्थानों पर उसकी तलाश की, लेकिन अब तक कोई जानकारी नहीं मिल सकी है।
परिजनों के अनुसार अंकित किशन की उम्र 22 वर्ष, रंग गोरा और लंबाई करीब छह फीट है। घर से निकलते समय उसने नीले रंग का स्वेटर और ग्रे रंग की जींस पहन रखी थी।

युवक के अचानक लापता होने से परिवार के लोग काफी चिंतित हैं। परिजनों ने चंदवा पुलिस से मामले को गंभीरता से लेते हुए अंकित की जल्द तलाश करने और उसे सकुशल घर वापस लाने की अपील की है।
परिजनों ने आम लोगों से भी आग्रह किया है कि यदि किसी को अंकित किशन के संबंध में कोई जानकारी मिले तो इसकी सूचना तत्काल परिजनों या नजदीकी पुलिस थाने को दें।
![]()




