पाकुड़ पुलिस का ऑपरेशन मुस्कान: 31 लोगों को लौटाई खोई खुशियां, तकनीकी टीम ने खोज निकाले गुम मोबाइल
Pakud news

निशांत कुमार सानू की रिपोर्ट,
पाकुड़ संवाददाता। मोबाइल गुम होने के बाद उसके मिलने की उम्मीद छोड़ चुके 31 लोगों के लिए शनिवार का दिन खुशियों की सौगात लेकर आया। पाकुड़ पुलिस ने ऑपरेशन मुस्कान के तहत जिले के अलग-अलग थाना क्षेत्रों से 31 गुम एवं चोरी हुए मोबाइल फोन बरामद कर उनके वास्तविक मालिकों को लौटा दिए। एसपी अनुदीप सिंह ने सभी मोबाइल धारकों को उनके फोन सौंपे। खोया हुआ मोबाइल वापस पाकर लोगों के चेहरे खिल उठे।
पुलिस की तकनीकी टीम ने तकनीकी संसाधनों की मदद से गुम एवं चोरी हुए मोबाइल फोन को ट्रेस कर बरामदगी की इस कार्रवाई को अंजाम दिया। पुलिस की सक्रियता से लोगों को न केवल उनकी खोई संपत्ति वापस मिली, बल्कि ऑपरेशन मुस्कान के प्रति लोगों का भरोसा भी बढ़ा है।
नगर थाना ने मारी बाजी, 12 मोबाइल बरामद
बरामद किए गए 31 मोबाइल में नगर थाना क्षेत्र की हिस्सेदारी सबसे अधिक रही। यहां से 12 मोबाइल बरामद किए गए। वहीं महेशपुर थाना क्षेत्र से 4, लिट्टीपाड़ा से 3, मुफस्सिल से 3, हिरणपुर से 3, पाकुड़िया से 3, अमड़ापाड़ा से 2 तथा मालपहाड़ी ओपी क्षेत्र से एक मोबाइल बरामद किया गया।
पहले भी मिल चुकी है बड़ी सफलता
ऑपरेशन मुस्कान के तहत पाकुड़ पुलिस लगातार गुम एवं चोरी हुए मोबाइल की तलाश में जुटी है। इससे पहले जनवरी और मार्च में कुल 24 मोबाइल बरामद किए गए थे। वहीं 31 मार्च को विभिन्न थाना क्षेत्रों से 21 मोबाइल फोन बरामद कर उनके वास्तविक धारकों को सौंपे गए थे।

पुलिस ने साफ किया है कि ऑपरेशन मुस्कान के तहत मोबाइल बरामदगी का अभियान आगे भी जारी रहेगा। पुलिस का लक्ष्य तकनीकी सहायता से गुम और चोरी हुए मोबाइल की तलाश कर उन्हें उनके वास्तविक मालिकों तक पहुंचाना है।
![]()




