हिरणपुर के खेपी पोखर घाट पर काशी की तर्ज पर भव्य गंगा आरती, उमड़े हजारों श्रद्धालु
Pakud News

रिपोर्ट निशांत कुमार सानू,
पाकुड़ संवाददाता।हिरणपुर छठ महापर्व पर हिरणपुर का खेपी पोखर घाट आस्था, भक्ति और आध्यात्मिक आकर्षण का भव्य केंद्र बन गया। बनारस के काशी घाट की तर्ज पर आयोजित गंगा आरती ने श्रद्धालुओं का मन मोह लिया। वैदिक मंत्रोच्चार, पांच पुरोहितों की सामूहिक आरती और जगमगाते दीपों के बीच हजारों श्रद्धालु इस भव्य आयोजन के साक्षी बने। आरती के दौरान पूरा घाट जय छठी मैया और हर-हर गंगे के जयघोष से गूंज उठा।
काशी से पहुंचे पुरोहितों ने की भव्य गंगा आरती
खेपी पोखर छठ पूजा समिति, हिरणपुर नामोपाड़ा की ओर से घाट को आकर्षक विद्युत सज्जा, रंग-बिरंगी रोशनी और भव्य पंडाल से सजाया गया था। संध्या अर्घ्य के बाद बनारस के काशी घाट से पहुंचे पंडित हर्ष जी महाराज के नेतृत्व में पांच पुरोहितों ने वैदिक मंत्रोच्चार के साथ गंगा आरती की। एक साथ उठती आरती की लौ, घंटियों की गूंज और मंत्रोच्चार ने पूरे वातावरण को आध्यात्मिक रंग में सराबोर कर दिया। भव्य आतिशबाजी ने आयोजन को और आकर्षक बना दिया। आरती के दौरान श्रद्धालु भक्तिभाव में लीन नजर आए।

आरती देखने उमड़े हजारों श्रद्धालु
खेपी पोखर घाट पर गंगा आरती का नजारा देखने के लिए हजारों की संख्या में श्रद्धालु पहुंचे। घाट परिसर में पैर रखने तक की जगह नहीं बची। चारों ओर छठी मैया के जयकारे और हर-हर गंगे की गूंज सुनाई देती रही। वहीं, सुंदरपुर स्थित विभूति भूषण छठ घाट पर भी आकर्षक सजावट के बीच सोमवार सुबह गंगा आरती का आयोजन किया गया। इसमें भी बड़ी संख्या में श्रद्धालु शामिल हुए।
उदीयमान सूर्य को अर्घ्य के साथ चार दिवसीय अनुष्ठान संपन्न
लोक आस्था, पवित्रता और सूर्य उपासना का चार दिवसीय छठ महापर्व सोमवार को उदीयमान सूर्य को अर्घ्य अर्पित करने के साथ संपन्न हो गया। सुबह होते ही प्रखंड के विभिन्न छठ घाटों पर व्रतियों और श्रद्धालुओं की भीड़ जुट गई। व्रतियों ने भगवान भास्कर को अर्घ्य देकर परिवार की सुख-समृद्धि, खुशहाली और संतान की दीर्घायु की कामना की।
गांवों के घाटों पर भी उमड़ा आस्था का जनसैलाब
मोहनपुर, तोड़ाई, देवपुर, डांगापाड़ा, लखनपुर और बिरग्राम समेत प्रखंड के विभिन्न गांवों में भी छठ महापर्व पारंपरिक श्रद्धा और उल्लास के साथ मनाया गया। नदी और तालाबों के घाटों पर व्रतियों ने पूरे विधि-विधान से भगवान सूर्य को अर्घ्य अर्पित किया। हर ओर छठी मैया के गीतों और भक्तिमय माहौल की गूंज रही।
घाटों पर मुस्तैद रहा प्रशासन
छठ महापर्व को शांतिपूर्ण और सुरक्षित तरीके से संपन्न कराने के लिए प्रशासन पूरी तरह सतर्क रहा। बीडीओ दिलीप टुडू, थाना प्रभारी रंजन कुमार सिंह सहित पुलिस बल के जवान विभिन्न घाटों पर तैनात रहे। अधिकारियों ने घाटों की सुरक्षा और व्यवस्था पर लगातार निगरानी रखी।
![]()




