उगते सूर्य को अर्घ्य के साथ कोटालपोखर में छठ महापर्व का समापन, घाटों पर उमड़ा आस्था का सैलाब
Pakud news

रिपोर्ट : निशांत कुमार सानू,
छठी मैया के जयकारों और पारंपरिक गीतों से गूंजे घाट, ठेकुआ सहित पारंपरिक प्रसाद से सजी सूप-डालियां, 36 घंटे का निर्जला व्रत पूरा कर व्रतियों ने किया पारण
कोटालपोखर : लोकआस्था, पवित्रता और सूर्य उपासना के चार दिवसीय महापर्व छठ का सोमवार सुबह कोटालपोखर में श्रद्धा, भक्ति और उल्लास के बीच समापन हो गया। उदीयमान सूर्य को अर्घ्य अर्पित करने के लिए अहले सुबह से ही छठ घाटों पर श्रद्धालुओं का जनसैलाब उमड़ पड़ा। छठी मैया के पारंपरिक गीतों और जयकारों से पूरा इलाका भक्तिमय हो उठा।

सूर्योदय से पहले ही व्रती सिर पर दउरा और हाथों में पूजन सामग्री लेकर घाटों पर पहुंचने लगे थे। घाटों पर सजे सूप और डालियों में मौसमी फल, गन्ना, नारियल और छठ पर्व के विशेष प्रसाद ठेकुआ की छटा देखते ही बन रही थी। जैसे ही पूर्व दिशा में सूर्य की लालिमा दिखाई दी, व्रतियों ने जल में खड़े होकर भगवान भास्कर को अर्घ्य अर्पित किया। इस दौरान श्रद्धालुओं ने छठी मैया से परिवार की सुख-समृद्धि, संतान की खुशहाली और समाज के कल्याण की मंगलकामना की।
घाटों पर उमड़ी भीड़ के बीच भक्ति और आस्था का अद्भुत संगम देखने को मिला। परिवार के सदस्य भी पूरी श्रद्धा के साथ पूजा-अर्चना में शामिल हुए। अर्घ्य के साथ ही छठ घाटों पर चार दिनों से चल रहा धार्मिक अनुष्ठान संपन्न हो गया। करीब 36 घंटे का निर्जला उपवास रखने वाली व्रतियों ने पूजा के बाद पारंपरिक विधि-विधान से पारण किया।
नहाय-खाय से शुरू होकर खरना, संध्या अर्घ्य और उदीयमान सूर्य को अर्घ्य देने तक चले इस महापर्व ने एक बार फिर कोटालपोखर में लोकपरंपरा, सामाजिक समरसता और पारिवारिक एकजुटता की अनूठी तस्वीर पेश की।
![]()




