साहिबगंज पुलिस में फेरबदल:रोहित कुमार राधानगर तो ओम प्रकाश चौहान बने बोरियो थाना प्रभारी
नई जिम्मेदारी संभालते ही अपराधियों को सख्त चेतावनी, कानून-व्यवस्था मजबूत करना और अपराध पर अंकुश लगाना होगी प्राथमिकता

साहिबगंज। रिपोर्ट : अनिकेत कुमार सोनू। साहिबगंज जिले में पुलिस महकमे में फेरबदल किया गया है। पुलिस अधीक्षक अमित कुमार सिंह ने बोरियो और राधानगर थानों की जिम्मेदारी में बदलाव किया है। इसके तहत बोरियो थाना प्रभारी रोहित कुमार को राधानगर थाना भेजा गया है, जबकि राजमहल थाना में पदस्थापित सब इंस्पेक्टर ओम प्रकाश चौहान को बोरियो थाना प्रभारी की जिम्मेदारी सौंपी गई है। वहीं, राधानगर थाना प्रभारी अमर कुमार मिंज को लाइन हाजिर किया गया है।
अपराधियों को सख्त कार्रवाई की चेतावनी
बोरियो थाना की कमान संभालने के बाद ओम प्रकाश चौहान ने अपराधियों को स्पष्ट चेतावनी दी। उन्होंने कहा कि क्षेत्र में शांति और सुरक्षा बनाए रखना उनकी प्राथमिकता है। आपराधिक गतिविधियों में शामिल लोगों के खिलाफ प्रभावी कार्रवाई की जाएगी और कानून तोड़ने वालों को बख्शा नहीं जाएगा।
उन्होंने कहा कि आपराधिक गतिविधियों में संलिप्त लोग अपना रास्ता बदल लें, अन्यथा उन्हें कानून के अनुसार कार्रवाई का सामना करना पड़ेगा। पुलिस क्षेत्र में कानून-व्यवस्था बनाए रखने और आम लोगों की सुरक्षा सुनिश्चित करने के लिए प्रतिबद्ध है।

नई जिम्मेदारी के साथ अपराध नियंत्रण की चुनौती
दोनों अधिकारियों ने अपने नए थानों में योगदान कर लिया है। अब उनके सामने क्षेत्र में अपराध पर अंकुश लगाने, कानून-व्यवस्था को मजबूत करने और आम लोगों के बीच सुरक्षा का भरोसा कायम रखने की चुनौती होगी।
पुलिस महकमे में हुए इस फेरबदल के बाद स्थानीय स्तर पर पुलिसिंग और अपराध नियंत्रण को लेकर अधिकारियों की कार्यशैली पर नजर रहेगी। अब यह देखना महत्वपूर्ण होगा कि नई जिम्मेदारी संभालने के बाद दोनों अधिकारी अपने-अपने क्षेत्रों में सुरक्षा व्यवस्था को किस तरह मजबूत करते हैं।
![]()




