ट्रेन की चपेट में आने से 43 वर्षीय पवन मंडल की मौत,चानन गांव में पसरा मातम
तीनपुलवा के पास हुआ हादसा, पत्नी और तीन बच्चों के सिर से उठा परिवार के मुखिया का साया

साहिबगंज। (रिपोर्ट: सोनू कुमार) मालदा रेल मंडल के साहिबगंज और सकरीगली रेलवे स्टेशन के बीच तीनपुलवा के पास सोमवार रात ट्रेन की चपेट में आने से 43 वर्षीय पवन कुमार मंडल की मौत हो गई। वह जिरवाबाड़ी थाना क्षेत्र के चानन गांव निवासी स्वर्गीय पप्पू मंडल के पुत्र थे। हादसे की खबर मिलते ही परिवार में कोहराम मच गया, वहीं पूरे गांव में शोक की लहर दौड़ गई।
तीनपुलवा के पास हुआ हादसा
जानकारी के अनुसार, सोमवार रात पवन कुमार मंडल तीनपुलवा के पास रेलवे लाइन पर ट्रेन की चपेट में आ गए। हादसे में उनकी मौत हो गई। घटना की सूचना मिलने के बाद पुलिस ने परिजनों को इसकी जानकारी दी। मौत की खबर सुनते ही परिवार के लोगों का रो-रोकर बुरा हाल हो गया।

पत्नी और तीन बच्चों को छोड़ गए पीछे
पवन कुमार मंडल अपने पीछे पत्नी पूनम देवी, दो बेटे और एक बेटी को छोड़ गए हैं। उनके दोनों बेटों की उम्र 20 और 16 वर्ष, जबकि बेटी की उम्र 12 वर्ष बताई गई है। परिवार के मुखिया की अचानक मौत से परिजनों के सामने दुखों का पहाड़ टूट पड़ा है। घटना के बाद चानन गांव में मातम पसरा हुआ है।
पोस्टमार्टम के बाद परिजनों को सौंपा शव
जीआरपी थाना प्रभारी सुखदेव राम ने बताया कि ट्रेन की चपेट में आने से एक व्यक्ति की मौत हुई है। मृतक की पहचान कर ली गई है। पोस्टमार्टम के बाद शव परिजनों को सौंप दिया गया है।
![]()





