अफीम-पोस्ता की अवैध खेती के खिलाफ ग्रामीणों को किया जागरूक
बालूभांग पंचायत सचिवालय में सेमिनार आयोजित, अधिकारियों ने बताए दुष्परिणाम और कानूनी प्रावधान

बरियातू (लातेहार)। जिले में अफीम और पोस्ता की अवैध खेती पर रोक लगाने के लिए प्रशासन ने जागरूकता अभियान तेज कर दिया है। इसी कड़ी में मंगलवार को बरियातू थाना क्षेत्र के बालूभांग पंचायत सचिवालय में सेमिनार सह जनजागरूकता कार्यक्रम आयोजित किया गया। इसमें ग्रामीणों को अवैध खेती के दुष्परिणामों और इससे जुड़े कानूनी प्रावधानों की जानकारी दी गई।

कार्यक्रम में अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी, बालूमाथ, पुलिस निरीक्षक, वन विभाग के रेंजर, बरियातू के अंचलाधिकारी, थाना के पुलिस पदाधिकारी, वन विभाग के अधिकारी, पंचायत के मुखिया, वार्ड सदस्य, जनप्रतिनिधि और बड़ी संख्या में ग्रामीण शामिल हुए।
सेमिनार के दौरान अधिकारियों ने ग्रामीणों से अफीम-पोस्ता की अवैध खेती नहीं करने की अपील की। उन्हें बताया गया कि ऐसी गतिविधियों का स्वास्थ्य और सामाजिक जीवन पर प्रतिकूल प्रभाव पड़ता है। साथ ही, अवैध खेती से संबंधित कानूनी प्रावधानों की जानकारी देते हुए लोगों को इसके प्रति सतर्क रहने को कहा गया।
प्रभावित क्षेत्रों पर प्रशासन की नजर
उपायुक्त संदीप कुमार के निर्देश पर जिला जनसंपर्क कार्यालय, लातेहार की ओर से जिले के अफीम एवं पोस्ता की खेती से प्रभावित क्षेत्रों में व्यापक जागरूकता अभियान चलाया जा रहा है। इसके तहत पोस्टर, बैनर और सेमिनार के माध्यम से ग्रामीणों को जागरूक किया जा रहा है। प्रशासन का उद्देश्य लोगों की भागीदारी से अवैध खेती पर रोक लगाना और इसके दुष्प्रभावों के प्रति समाज को सचेत करना है।
![]()





