महाअष्टमी पर बरहेट, बरहरवा और पतना में उमड़ी श्रद्धालुओं की भीड़,महानवमी पर महाहवन की तैयारी
विजयादशमी पर होगा सिंदूर खेला और प्रतिमा विसर्जन, बरहेट मेले की सुरक्षा में तैनात होंगे 116 अतिरिक्त पुलिस जवान और 10 दंडाधिकारी

बरहेट:- मां दुर्गा की आराधना में बरहेट, बरहरवा और पतना का इलाका पूरी तरह भक्तिमय हो उठा है। पूजा पंडालों में गूंजते जयकारे और वैदिक मंत्रोच्चार से माहौल आध्यात्मिक रंग में रंग गया है। रविवार को महाअष्टमी पर दुर्गा मंदिरों में सुबह से ही श्रद्धालुओं की भीड़ उमड़ पड़ी। मां के दर्शन और पुष्पांजलि अर्पित करने के लिए भक्तों का तांता लगा रहा। इधर, महानवमी और विजयादशमी पर बरहेट में लगने वाले भव्य मेले को लेकर प्रशासन ने भी कमर कस ली है। भीड़ को नियंत्रित करने और शांति व्यवस्था बनाये रखने के लिए 116 अतिरिक्त पुलिस जवानों और 10 दंडाधिकारियों की प्रतिनियुक्ति की गयी है।
मेले में सुरक्षा का कड़ा पहरा, असामाजिक तत्वों पर रहेगी नजर
दुर्गापूजा के दौरान उमड़ने वाली भीड़ को देखते हुए प्रशासन ने सुरक्षा व्यवस्था को चाक-चौबंद करने की तैयारी की है। पूजा पंडालों, बाजारों और प्रमुख चौक-चौराहों पर पुलिस बल तैनात रहेंगे। वहीं, मनचलों, पॉकेटमारों और असामाजिक तत्वों की गतिविधियों पर नजर रखने के लिए सादे लिबास में महिला और पुरुष पुलिसकर्मियों की भी तैनाती की गयी है। प्रशासन ने सोशल मीडिया पर अफवाह फैलाने, भ्रामक संदेश प्रसारित करने और सामाजिक सौहार्द बिगाड़ने की कोशिश करने वालों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की चेतावनी दी है।
महानवमी पर महाहवन, दशमी को सिंदूर खेला और विसर्जन
महाअष्टमी पर मां महागौरी की विशेष पूजा-अर्चना और पुष्पांजलि के साथ भक्तों ने सुख-समृद्धि की कामना की। सोमवार को महानवमी पर महाहवन का आयोजन होगा। इसके बाद मंगलवार को विजयादशमी के अवसर पर सुहागिन महिलाएं मां दुर्गा को सिंदूर अर्पित कर खोइंचा भरेंगी। सिंदूर खेला की पारंपरिक रस्म के साथ उत्सव अपने अंतिम पड़ाव पर पहुंचेगा। इसके बाद गाजे-बाजे और जयकारों के बीच विसर्जन शोभायात्रा निकाली जायेगी तथा विधि-विधान से मां दुर्गा की प्रतिमाओं का विसर्जन किया जायेगा।

झूलों से लेकर पकवानों तक, मेले में उमड़ेगी भीड़
बरहेट का दुर्गापूजा मेला इस बार भी लोगों के आकर्षण का केंद्र रहेगा। बच्चों के मनोरंजन के लिए बड़े-बड़े झूले, मिकी माउस और खिलौनों की दुकानें सजायी गयी हैं। वहीं, चाट-पकौड़े, लजीज व्यंजनों और मिठाइयों के स्टॉल मेले की रौनक बढ़ायेंगे। पूजा समितियों ने श्रद्धालुओं को कतारबद्ध तरीके से दर्शन कराने और यातायात व्यवस्था सुचारू रखने के लिए स्वयंसेवकों की तैनाती की है। समिति के पदाधिकारियों ने लोगों से शांतिपूर्ण और सौहार्दपूर्ण माहौल में पूजा-अर्चना करने तथा मेले का आनंद लेने की अपील की है।
![]()




