राजमहल में चोरी का खुलासा,चांदी के आभूषणों के साथ एक आरोपी गिरफ्तार
गुप्त सूचना पर कालापत्थर गांव में छापेमारी, कंगन, सिकड़ी, लॉकेट और पायल बरामद

राजमहल:-राजमहल में घर से चांदी के आभूषण चोरी के मामले में पुलिस ने कार्रवाई करते हुए एक आरोपी को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपी की निशानदेही पर चोरी गए आभूषण भी बरामद कर लिए हैं। बरामद सामान में चांदी के कंगन, सिकड़ी, लॉकेट और पायल शामिल हैं। मंगलवार को एसडीपीओ विमलेश कुमार त्रिपाठी ने प्रेस कॉन्फ्रेंस कर मामले के उद्भेदन की जानकारी दी।
एक सितंबर को हुई थी चोरी,दर्ज हुई थी प्राथमिकी
पुलिस के अनुसार, एक सितंबर 2026 को तुकई सोरेन के घर में चोरी की घटना सामने आई थी। इस संबंध में राजमहल थाना कांड संख्या 297/2026 के तहत भारतीय न्याय संहिता (बीएनएस) की धारा 305 में प्राथमिकी दर्ज की गई थी। घटना के बाद पुलिस चोरी गए आभूषणों की बरामदगी और आरोपी की गिरफ्तारी के लिए छानबीन कर रही थी। एसपी के निर्देश पर एसडीपीओ विमलेश कुमार त्रिपाठी के नेतृत्व में विशेष छापेमारी दल का गठन किया गया।
गुप्त सूचना पर कालापत्थर गांव में छापेमारी
अनुसंधान के दौरान मिली गुप्त सूचना के आधार पर पुलिस टीम ने 12 अक्टूबर की रात कालापत्थर गांव स्थित विष्णु मंडल के घर पर छापेमारी की। इस दौरान रायबाजार निवासी विष्णु मंडल को गिरफ्तार किया गया। पुलिस के मुताबिक, पूछताछ के दौरान आरोपी ने चोरी की घटना में अपनी संलिप्तता स्वीकार की। इसके बाद उसकी निशानदेही पर घर से चोरी के चांदी के आभूषण बरामद किए गए।

चांदी के कंगन से लेकर पायल तक बरामद
पुलिस ने चोरी के मामले में दो चांदी के कंगन, एक चांदी की सिकड़ी, लॉकेट लगी एक अन्य चांदी की सिकड़ी और एक जोड़ा चांदी की पायल बरामद की है। आभूषणों की बरामदगी को मामले के अनुसंधान में अहम सफलता माना जा रहा है। गिरफ्तार आरोपी को मंगलवार को न्यायिक हिरासत में भेजने की प्रक्रिया की गई।
छापेमारी दल में शामिल रहे ये पुलिसकर्मी
पूरी कार्रवाई में पुलिस निरीक्षक राजीव रंजन, राजमहल थाना प्रभारी हसनैन अंसारी, ओम प्रकाश चौहान, पवन यादव और महादेव उरांव समेत अन्य पुलिसकर्मी एवं सशस्त्र बल के जवान शामिल थे।
![]()




