पाकुड़ में झामुमो की श्रद्धांजलि सभा, रूपी सोरेन के संघर्ष को किया याद
जिला कार्यालय में आयोजित श्रद्धांजलि सभा में नेताओं और कार्यकर्ताओं ने दी भावभीनी श्रद्धांजलि, दो मिनट का मौन रखकर दिवंगत आत्मा की शांति के लिए की प्रार्थना

पाकुड़ संवाददाता। दिवंगत रूपी सोरेन के निधन से झारखंड मुक्ति मोर्चा (झामुमो) परिवार में शोक की लहर है। रविवार को धनुषपूजा स्थित झामुमो के जिला कार्यालय में श्रद्धांजलि सभा आयोजित कर पार्टी नेताओं और कार्यकर्ताओं ने उन्हें भावभीनी श्रद्धांजलि अर्पित की। जिला उपाध्यक्ष पीटर मरांडी के नेतृत्व में आयोजित सभा में उपस्थित लोगों ने रूपी सोरेन के चित्र पर पुष्प अर्पित किए और उनकी आत्मा की शांति के लिए प्रार्थना की। साथ ही दो मिनट का मौन रखकर शोक संतप्त परिवार के प्रति संवेदना व्यक्त की।
महाजनी प्रथा के खिलाफ संघर्ष से झारखंड आंदोलन तक के सफर को किया याद

श्रद्धांजलि सभा को संबोधित करते हुए झामुमो के जिला उपाध्यक्ष पीटर मरांडी ने कहा कि रूपी सोरेन का निधन झारखंडवासियों और झामुमो परिवार के लिए अपूरणीय क्षति है। उन्होंने कहा कि महाजनी प्रथा के खिलाफ संघर्ष के दौर से ही रूपी सोरेन ने दिशोम गुरु शिबू सोरेन के साथ कदम से कदम मिलाकर साथ दिया। वह झारखंड आंदोलन के संघर्षपूर्ण दौर की साक्षी रहीं और अलग राज्य के निर्माण के ऐतिहासिक सफर से उनका गहरा जुड़ाव रहा।
पीटर मरांडी ने कहा कि रूपी सोरेन का जीवन संघर्ष, त्याग और समर्पण की स्मृतियों से जुड़ा रहा है। उनके निधन से उत्पन्न शून्य को भर पाना आसान नहीं होगा। उनके योगदान और संघर्ष की यादें पार्टी कार्यकर्ताओं को हमेशा प्रेरित करती रहेंगी। उन्होंने ईश्वर से दिवंगत आत्मा की शांति तथा शोकाकुल परिवार को इस कठिन समय में धैर्य प्रदान करने की प्रार्थना की।
पार्टी नेताओं और कार्यकर्ताओं ने दी श्रद्धांजलि
श्रद्धांजलि सभा में केंद्रीय समिति सदस्य उमर फारूक, नगर अध्यक्ष मुकेश सिंह, नगर सचिव नूर आलम, पाकुड़ प्रखंड अध्यक्ष मुसलोद्दीन शेख, अमड़ापाड़ा प्रखंड सचिव जहीरुद्दीन मियां, जिला मीडिया प्रभारी आफताब आलम और नगर कोषाध्यक्ष पिंटू गुप्ता सहित पार्टी के कई पदाधिकारी एवं कार्यकर्ता उपस्थित रहे।
इसके अलावा सोनू आलम, लखन हेम्ब्रम, फुरकान शेख, फरीजुद्दीन, आली शेख, मोबारक हुसैन, सबूर अंसारी, काबिल शेख, आलमगीर आलम, लालचंद शेख, अबुल शेख, प्रदीप कुमार, गौर मंडल, हुसैन शेख, लखन सिंह और जकारिया शेख समेत अन्य कार्यकर्ताओं ने भी पुष्प अर्पित कर दिवंगत रूपी सोरेन को श्रद्धांजलि दी।
![]()





