अमड़ापाड़ा ज्वेलर्स लूटकांड का 10 दिन में खुलासा
अंतरराज्यीय गिरोह के तीन अपराधी गिरफ्तार, एक किलो चांदी के आभूषण समेत हथियार और कारतूस बरामद

रिपोर्ट : निशांत कुमार सानू,
कोटालपोखर संवाददाता। पाकुड़ जिले के अमड़ापाड़ा बाजार स्थित दुर्गा मंदिर के समीप किशुन वर्मा ज्वेलर्स में दो सितंबर को हथियार के बल पर हुई लूट का पुलिस ने महज 10 दिनों के भीतर खुलासा कर दिया है। पुलिस ने लूटकांड में शामिल अंतरराज्यीय गिरोह के तीन अपराधियों को गिरफ्तार किया है। गिरफ्तार आरोपियों के पास से करीब एक किलो चांदी के आभूषण, 12,700 रुपये नकद, तीन हथियार, सात जिंदा कारतूस और दो बाइक समेत अन्य सामान बरामद किए गए हैं।

एसपी अनुदीप सिंह ने शनिवार को अपने कार्यालय कक्ष में प्रेस वार्ता कर पूरे मामले की जानकारी दी। उन्होंने बताया कि घटना के बाद पुलिस ने अपराधियों की गिरफ्तारी के लिए लगातार छापेमारी और तकनीकी जांच की। इसी क्रम में पुलिस को सफलता मिली और लूटकांड में शामिल तीन आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया गया।
बताया गया कि दो सितंबर को अपराधियों ने अमड़ापाड़ा बाजार में दुर्गा मंदिर के समीप स्थित किशुन वर्मा ज्वेलर्स में हथियार के बल पर लूट की घटना को अंजाम दिया था। घटना के बाद पुलिस ने मामले को गंभीरता से लेते हुए अलग-अलग टीमों का गठन कर जांच शुरू की थी।
गिरफ्तार अपराधियों के पास से लूटे गए चांदी के आभूषण और नकदी के अलावा तीन हथियार तथा सात जिंदा कारतूस बरामद हुए हैं। पुलिस ने दो बाइक भी जब्त की है। पुलिस अब गिरोह के अन्य सदस्यों की भूमिका और पूर्व में की गई आपराधिक घटनाओं के संबंध में पूछताछ व जांच कर रही है।
प्रेस वार्ता में महेशपुर एसडीपीओ विजय कुमार, अमड़ापाड़ा थाना प्रभारी अनूप रोशन भेंगरा समेत अन्य पुलिस पदाधिकारी मौजूद थे। पुलिस की इस कार्रवाई को ज्वेलर्स लूटकांड के उद्भेदन में महत्वपूर्ण सफलता माना जा रहा है।
![]()





