चांदपुर फीडर कैनाल में स्नान के दौरान महिला लापता,aतलाश जारी
तेज बहाव में बह गई सरस्वती देवी,पति और ग्रामीण घंटों से कर रहे खोजबीन

*पाकुड़/अमड़ापाड़ा (संवाददाता):अमड़ापाड़ा थाना क्षेत्र के बासमती गांव के जामटोला की रहने वाली 42 वर्षीय सरस्वती देवी रविवार सुबह चांदपुर फीडर कैनाल में स्नान के दौरान तेज धार की चपेट में आकर लापता हो गईं। घटना के बाद से परिजनों और ग्रामीणों में चिंता का माहौल है, जबकि महिला की तलाश लगातार जारी है।

प्राप्त जानकारी के अनुसार, सरस्वती देवी अपने पति श्यामसुंदर पंडित के साथ रविवार सुबह करीब 7:30 बजे गंगा स्नान और पूजा-पाठ के लिए चांदपुर फीडर कैनाल पहुंची थीं। स्नान के बाद दोनों पूजा कर रहे थे, तभी अचानक सरस्वती देवी तेज बहाव में बहकर गहरे पानी में चली गईं और देखते ही देखते लापता हो गईं।
घटना को अपनी आंखों के सामने होते देख श्यामसुंदर पंडित ने तुरंत पत्नी को बचाने की कोशिश की, लेकिन वह सफल नहीं हो सके। इसके बाद उन्होंने आसपास काफी देर तक खोजबीन की और शोर मचाकर ग्रामीणों को जानकारी दी।
सूचना मिलते ही गांव के लोग घटनास्थल पर पहुंचे और महिला की तलाश शुरू कर दी। काफी प्रयासों के बावजूद खबर लिखे जाने तक सरस्वती देवी का कोई पता नहीं चल सका था। ग्रामीणों ने प्रशासन से शीघ्र बचाव एवं खोज अभियान चलाने की मांग की है।
घटना के बाद पति का रो-रोकर बुरा हाल है। वह लगातार घटनास्थल पर डटे हुए हैं और पत्नी के मिलने की उम्मीद में लोगों से मदद की गुहार लगा रहे हैं। उन्होंने बताया कि प्रशासन से संपर्क करने की कोशिश की गई, लेकिन अभी तक पर्याप्त सहायता नहीं मिल सकी है।
वहीं घर पर मौजूद सरस्वती देवी के दो बेटे और एक बेटी अपनी मां के सुरक्षित लौटने की राह देख रहे हैं। पूरे इलाके में इस घटना को लेकर चिंता और बेचैनी का माहौल बना हुआ है।
![]()




