झारखंडस्थानीय समाचार

गलवान के वीर सपूत शहीद कुंदन कुमार ओझा की पांचवीं पुण्यतिथि पर दी गई श्रद्धांजलि

गलवान के वीर सपूत शहीद कुंदन कुमार ओझा की पांचवीं पुण्यतिथि पर दी गई श्रद्धांजलि

रिपोर्ट: बरहरवा से

बरहरवा। गलवान घाटी में मातृभूमि की रक्षा करते हुए वीरगति को प्राप्त हुए बिहार रेजिमेंट की 16वीं बटालियन के शहीद जवान कुंदन कुमार ओझा की पांचवीं पुण्यतिथि सोमवार को उनके पैतृक गांव डिहारी (सदर प्रखंड) में श्रद्धा और सम्मान के साथ मनाई गई।

इस अवसर पर जिला प्रशासन, राजनीतिक दलों के प्रतिनिधि, पूर्व सैनिक और समाज के गणमान्य लोग डिहारी गांव पहुंचे और शहीद कुंदन ओझा की प्रतिमा पर पुष्पांजलि अर्पित कर उन्हें नमन किया।

श्रद्धांजलि सभा में साहिबगंज के डीडीसी सतीष चंद्रा, एसडीपीओ किशोर तिर्की, पूर्व विधायक अनंत ओझा, झामुमो जिलाध्यक्ष अरुण सिंह, झामुमो केंद्रीय समिति सदस्य संजय मिश्रा सहित अन्य अतिथि मौजूद रहे। सभी ने बारी-बारी से शहीद की तस्वीर पर माल्यार्पण कर उन्हें श्रद्धांजलि दी।

कार्यक्रम को संबोधित करते हुए अधिकारियों और नेताओं ने शहीद कुंदन की वीरता को नमन करते हुए कहा कि देश को ऐसे वीर सपूतों पर गर्व है, जिन्होंने मातृभूमि की रक्षा के लिए अपने प्राणों की आहुति दे दी। वक्ताओं ने उनके माता-पिता को भी नमन किया, जिन्होंने देश को ऐसा रणबांकुरा पुत्र दिया।

ज्ञात हो कि 16 जून 2020 को गलवान घाटी में चीनी सैनिकों के साथ हुई झड़प में शहीद कुंदन कुमार ओझा ने अदम्य साहस और वीरता का परिचय देते हुए मातृभूमि के लिए अपने प्राण न्योछावर कर दिए थे।

पुण्यतिथि के अवसर पर जिला प्रशासन और राजनीतिक प्रतिनिधियों द्वारा शहीद के पिता रविशंकर ओझा को अंगवस्त्र प्रदान कर सम्मानित किया गया।

कार्यक्रम में शिवशंकर यादव, रामदरश यादव, रामानंद साह, उमेश ओझा, राजेश राम, पूर्व सैनिक गंगा सागर यादव, मनोज दुबे, तेज नारायण राय, दिनदयाल महतो, शैलेश सिंह, भुलन दुबे, मनोज ओझा, दिलीप ओझा, शिवनाथ महतो, मुफस्सिल थाना प्रभारी मदन कुमार, एएसआई गजाधर पासवान समेत दर्जनों ग्रामीणों की उपस्थिति ने माहौल को भावुक बना दिया।

Loading

About The Author

Related Articles

Back to top button