स्वाइन फ्लू के बढ़ते मामलों को लेकर पाकुड़ स्वास्थ्य विभाग अलर्ट, सदर अस्पताल में 10 बेड का आइसोलेशन वार्ड आरक्षित
सिविल सर्जन ने सोनाजोड़ी सदर अस्पताल का किया निरीक्षण, चिकित्सकों और स्वास्थ्यकर्मियों को दिए आवश्यक दिशा-निर्देश

पाकुड़ संवाददाता। झारखंड में स्वाइन फ्लू और सीजनल इन्फ्लूएंजा के बढ़ते मामलों को देखते हुए पाकुड़ स्वास्थ्य विभाग अलर्ट मोड में है। मंगलवार को सिविल सर्जन प्रवीण कुमार संथालिया ने सोनाजोड़ी स्थित सदर अस्पताल का निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने अस्पताल में 10 बेड का आइसोलेशन वार्ड आरक्षित रखने का निर्देश दिया।
10 बेड का आइसोलेशन वार्ड तैयार
सिविल सर्जन ने बताया कि स्वास्थ्य मंत्री के निर्देश पर राज्य स्वास्थ्य विभाग की ओर से स्वाइन फ्लू के बढ़ते मामलों को देखते हुए अस्पतालों में अतिरिक्त बेड आरक्षित रखने का निर्देश प्राप्त हुआ है। इसके तहत सदर अस्पताल में 10 बेड का आइसोलेशन वार्ड तैयार कर लिया गया है।
उन्होंने बताया कि संबंधित चिकित्सकों और स्वास्थ्यकर्मियों को भी आवश्यक दिशा-निर्देश दिए गए हैं, ताकि संभावित मरीजों के सामने आने पर तत्काल उपचार की व्यवस्था सुनिश्चित की जा सके।
सिविल सर्जन ने निर्देश दिया कि स्वाइन फ्लू अथवा सीजनल इन्फ्लूएंजा का कोई संदिग्ध या संक्रमित मामला सामने आने पर किसी तरह की लापरवाही नहीं बरती जाए। मरीज को तत्काल आइसोलेशन वार्ड में भर्ती कर आवश्यक उपचार शुरू किया जाए।
स्वास्थ्य विभाग पूरी तरह तैयार : सिविल सर्जन
सिविल सर्जन प्रवीण कुमार संथालिया ने जिलेवासियों से अपील करते हुए कहा कि स्वाइन फ्लू और सीजनल इन्फ्लूएंजा को लेकर घबराने की आवश्यकता नहीं है। स्वास्थ्य विभाग संभावित स्थिति से निपटने के लिए पूरी तरह तैयार है।
उन्होंने कहा कि अस्पताल में आवश्यक तैयारियां पूरी कर ली गई हैं और स्वास्थ्यकर्मियों को भी सतर्क रहने का निर्देश दिया गया है। विभाग की प्राथमिकता संभावित मरीजों की समय पर पहचान, आइसोलेशन और उपचार सुनिश्चित करना है।
![]()






