Pakud News:सात दिन बाद पटरी पर लौटी रफ्तार,साहिबगंज-बरहरवा डाउन लाइन बहाल
गंगा कटाव से बंद था परिचालन, 11:58 बजे फिट घोषित हुई लाइन; पहली ट्रेन 10 किमी/घंटे की रफ्तार से गुजरी,दर्जनों यात्रियों को मिली बड़ी राहत

रिपोर्ट : निशांत कुमार सानू,
तालझारी : गंगा के कटाव से सात दिनों से थमे साहिबगंज-बड़हरवा रेलखंड पर मंगलवार को एक बार फिर ट्रेनों की आवाजाही शुरू हो गयी. सकरीगली और महाराजपुर स्टेशनों के बीच गंगा तटबंध में कटाव के कारण सुरक्षा के मद्देनजर 29 सितंबर से डाउन लाइन पर परिचालन बंद था. रेलवे की ओर से ट्रैक पुनर्वास और सुरक्षा संबंधी कार्य पूरा किये जाने के बाद 6 अक्टूबर को सुबह 11:58 बजे डाउन लाइन को यात्री, मेल/एक्सप्रेस और मालगाड़ियों के परिचालन के लिए फिट घोषित किया गया.

डाउन लाइन बहाल होते ही इस महत्वपूर्ण रेलखंड पर परिचालन सामान्य होने लगा. इसके साथ ही रद्द की गयी ट्रेनों, बदले मार्ग से चल रही ट्रेनों तथा आंशिक रूप से प्रारंभ या समाप्त की जा रही ट्रेनों को भी उनके निर्धारित मार्ग और गंतव्य तक बहाल कर दिया गया. इससे साहिबगंज, तालझारी, तीनपहाड़, महाराजपुर और बरहरवा समेत आसपास के यात्रियों को बड़ी राहत मिली है.
10 किमी की रफ्तार से कटाव क्षेत्र पार कर गयी पहली ट्रेन
मालदा रेल मंडल की अधिसूचना के बाद मंगलवार को साहिबगंज-हावड़ा स्पेशल एक्सप्रेस को डाउन लाइन से सफलतापूर्वक रवाना किया गया. सुरक्षा को देखते हुए ट्रेन को कटाव प्रभावित हिस्से से महज 10 किलोमीटर प्रति घंटे की नियंत्रित गति से गुजारा गया. ट्रेन साहिबगंज से चलकर सकरीगली, महाराजपुर, तालझारी, तीनपहाड़ और बरहरवा में ठहराव करते हुए हावड़ा के लिए रवाना हुई.
महाराजपुर स्टेशन पर हावड़ा जाने वाले कई पदाधिकारी भी ट्रेन में सवार हुए. डाउन लाइन बहाल होने के बाद अब इस रेलखंड पर पहले की तरह ट्रेन परिचालन बहाल होने का रास्ता साफ हो गया है.
6 अक्टूबर से रद्द ट्रेनें फिर पटरी पर
– 63406 साहिबगंज-रामपुरहाट मेमू
– 63073 रामपुरहाट-साहिबगंज मेमू
– 53487 तीनपहाड़-राजमहल पैसेंजर
– 53411 बड़हरवा-साहिबगंज पैसेंजर
– 53408 जमालपुर-रामपुरहाट पैसेंजर
– 53490 राजमहल-तीनपहाड़ पैसेंजर
बदले मार्ग से चल रही ट्रेनें अब अपने निर्धारित रूट पर
– 13072 जमालपुर-हावड़ा एक्सप्रेस
– 13404 भागलपुर-रांची वनांचल एक्सप्रेस
– 03030 नतेसर-हावड़ा स्पेशल
आंशिक रूप से समाप्त ट्रेनें अब गंतव्य तक
– 53029 आजिमगंज-भागलपुर पैसेंजर
– 13410 किऊल-मालदा टाउन इंटरसिटी एक्सप्रेस
7 अक्टूबर से दो ट्रेनें निर्धारित स्टेशन से चलेंगी
– 53403 रामपुरहाट-गया पैसेंजर
– 53030 भागलपुर-आजिमगंज पैसेंजर
सात दिन की परेशानी के बाद रेल परिचालन सामान्य होने से यात्रियों को राहत मिली है. हालांकि कटाव प्रभावित क्षेत्र में ट्रेन की गति नियंत्रित रखे जाने से साफ है कि रेलवे अभी भी इस हिस्से में सुरक्षा को सर्वोच्च प्राथमिकता दे रहा है.
![]()




