8 अक्टूबर को साहिबगंज में निकलेगा ‘वोट बचाओ-देश बचाओ’ मार्च
Pakud News

साहिबगंज। जिला कांग्रेस कार्यालय, बंगाली टोला में मंगलवार को INDIA गठबंधन की संयुक्त बैठक एवं प्रेस कॉन्फ्रेंस आयोजित की गई। बैठक में 8 अक्टूबर को प्रस्तावित ‘वोट बचाओ-देश बचाओ’ मार्च को सफल बनाने को लेकर विस्तृत रणनीति तैयार की गई।
संयुक्त प्रेस कॉन्फ्रेंस को कांग्रेस जिला अध्यक्ष बरकतुल्लाह खान, राजद जिला अध्यक्ष सत्यनारायण यादव, CPI(M) नेता श्याम सुन्दर पोद्दार एवं आम आदमी पार्टी के रणधीर प्रसाद चौरसिया ने संबोधित किया। नेताओं ने मुख्य निर्वाचन आयुक्त ज्ञानेश कुमार के इस्तीफे की मांग करते हुए SIR प्रक्रिया को लेकर सवाल उठाए। उन्होंने कहा कि लोकतंत्र और मताधिकार की रक्षा के लिए मुख्य निर्वाचन आयुक्त को नैतिक जिम्मेदारी लेते हुए इस्तीफा देना चाहिए।

बैठक में सर्वसम्मति से 8 अक्टूबर को जिला स्तरीय विशाल ‘वोट बचाओ-देश बचाओ’ मार्च निकालने का निर्णय लिया गया। मार्च पटेल चौक स्थित कांग्रेस कार्यालय से शुरू होगा। इसके बाद डॉ. भीमराव अंबेडकर एवं महात्मा गांधी की प्रतिमाओं पर माल्यार्पण करते हुए स्टेशन चौक, दुर्गा मंदिर और पूर्वी रेलवे फाटक होते हुए शहीद-ए-आजम भगत सिंह प्रतिमा स्थल तक पहुंचेगा। वहां सभा आयोजित की जाएगी। कार्यक्रम के समापन पर राष्ट्रगान और संविधान की प्रस्तावना का पाठ किया जाएगा।
बैठक में INDIA गठबंधन के सभी घटक दलों की भागीदारी सुनिश्चित करने पर भी सहमति बनी।
जिला कांग्रेस कमिटी की अलग बैठक
संयुक्त बैठक एवं प्रेस कॉन्फ्रेंस के बाद जिला कांग्रेस कमिटी की अलग से बैठक हुई। इसकी अध्यक्षता जिला कांग्रेस अध्यक्ष बरकतुल्लाह खान ने की। बैठक में 8 अक्टूबर के कार्यक्रम की तैयारियों की समीक्षा की गई।
बरकतुल्लाह खान ने पदाधिकारियों एवं कार्यकर्ताओं से मार्च को सफल बनाने के लिए व्यापक जनभागीदारी सुनिश्चित करने का आह्वान किया। उन्होंने कहा कि यह केवल किसी राजनीतिक दल का कार्यक्रम नहीं, बल्कि लोकतंत्र, संविधान और नागरिकों के मताधिकार से जुड़ा मुद्दा है।
उन्होंने प्रखंड, नगर एवं जिला स्तर के पदाधिकारियों से अपने-अपने क्षेत्रों में कार्यकर्ताओं से संपर्क कर कार्यक्रम में अधिक से अधिक लोगों की भागीदारी सुनिश्चित करने को कहा। उन्होंने कहा कि एक भी पात्र मतदाता अपने मताधिकार से वंचित नहीं होना चाहिए। लोकतंत्र में जनता का वोट उसकी सबसे बड़ी ताकत है और उसके अधिकार की रक्षा करना सभी की जिम्मेदारी है।
बैठक में मो. कलीमुद्दीन, बासुकीनाथ यादव, मो. सलाहउद्दीन, रिजवान अंसारी, उमेश तिवारी, राजीव रंजन, मोज्जम अली, शशिधर यादव, मेराजुद्दीन अंसारी, सद्दाम हुसैन, योगेंद्र तांती, औरंगजेब, मृत्यंजय यादव, गिरधारी यादव, दिनेश कुमार पासवान, रामावतार सिंह, अरविंद यादव, अब्दुल कय्यूम, लोकनाथ घोष, मो. सईद सहित जिला कांग्रेस कमिटी के पदाधिकारी, प्रखंड एवं नगर कांग्रेस के प्रतिनिधि, INDIA गठबंधन के सहयोगी दलों के पदाधिकारी और बड़ी संख्या में कार्यकर्ता मौजूद रहे।
![]()




