ललमटिया में महिला की हत्या से सनसनी, सिर पर मिले गहरे जख्म:पत्थर से वार की आशंका
Sahibganj News

साहिबगंज।जिरवाबाड़ी थाना क्षेत्र के महादेवगंज स्थित ललमटिया गांव के पास सोमवार की रात महिला की हत्या कर दिये जाने से इलाके में सनसनी फैल गयी. मंगलवार सुबह सड़क किनारे महिला का शव मिलने के बाद घटना का खुलासा हुआ. मृतका की पहचान शंकर भुईयां की पत्नी गीता देवी (45) के रूप में हुई है. महिला के सिर पर गहरे जख्म के निशान मिले हैं, जिससे प्रथमदृष्टया पत्थर से वार कर हत्या किये जाने की आशंका जतायी जा रही है.

सुबह शव मिलने से मचा हड़कंप, मौके पर पहुंची पुलिस
स्थानीय लोगों ने मंगलवार सुबह ललमटिया गांव के पास महिला का शव पड़ा देखा. देखते ही देखते मौके पर लोगों की भीड़ जुट गयी. सूचना मिलते ही जिरवाबाड़ी थाना प्रभारी शशि सिंह पुलिस टीम के साथ घटनास्थल पर पहुंचे. पुलिस ने घटनास्थल की बारीकी से जांच की और आसपास के लोगों से घटना के संबंध में जानकारी ली.
सिर पर चोट के निशान, हत्या के कारणों का पता नहीं
महिला के सिर पर गंभीर चोट के निशान मिले हैं. ऐसे में पुलिस हत्या की आशंका को ध्यान में रखकर जांच कर रही है. हालांकि, महिला की हत्या क्यों और किसने की, इसका अब तक खुलासा नहीं हो सका है. पुलिस घटनास्थल के आसपास के लोगों से पूछताछ कर रही है तथा महिला की गतिविधियों और उसके संपर्क में रहने वाले लोगों की जानकारी जुटायी जा रही है.
पोस्टमार्टम रिपोर्ट से खुलेगा मौत का राज
पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए सदर अस्पताल भेज दिया है. पोस्टमार्टम रिपोर्ट से मौत के कारण और चोट की प्रकृति को लेकर महत्वपूर्ण जानकारी मिलने की उम्मीद है. पुलिस हत्या के कारण और आरोपी तक पहुंचने के लिए विभिन्न बिंदुओं पर जांच कर रही है.
परिजनों में मचा कोहराम
गीता देवी की मौत की खबर मिलते ही परिजनों में कोहराम मच गया. परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है. घटना के बाद गांव में भी मातम का माहौल है.
क्या कहते हैं थाना प्रभारी
थाना प्रभारी शशि सिंह ने बताया कि महिला का शव मिलने की सूचना पर पुलिस टीम मौके पर पहुंची थी. शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है. घटना की पूरी जानकारी जुटायी जा रही है और पुलिस सभी संभावित पहलुओं को ध्यान में रखकर जांच कर रही है.
![]()




