pakud news
पंडालों से विसर्जन घाट तक रहेगी कड़ी निगरानी, 24 घंटे सक्रिय रहेगा संयुक्त नियंत्रण कक्ष

पाकुड़ संवाददाता। दुर्गा पूजा के दौरान जिले में शांति एवं सुरक्षा व्यवस्था बनाए रखने को लेकर पाकुड़ पुलिस ने तैयारियां तेज कर दी हैं। पूजा पंडालों, विसर्जन जुलूस के मार्गों और घाटों पर विशेष सुरक्षा व्यवस्था रहेगी। संवेदनशील क्षेत्रों में ड्रोन से निगरानी की जाएगी, जबकि भीड़भाड़ वाले पूजा पंडालों में पर्याप्त पुलिस बल के साथ महिला पुलिसकर्मियों की तैनाती की जाएगी। सोशल मीडिया पर अफवाह, भड़काऊ पोस्ट या सांप्रदायिक सौहार्द बिगाड़ने वाली गतिविधियों पर भी पुलिस की विशेष नजर रहेगी।
पुलिस अधीक्षक अनुदीप सिंह ने मंगलवार को समाहरणालय स्थित कार्यालय सभागार में पुलिस पदाधिकारियों के साथ बैठक कर दुर्गा पूजा की सुरक्षा व्यवस्था की समीक्षा की। बैठक में डीएसपी पाकुड़ उज्जवल कुमार, महेशपुर एसडीपीओ विजय कुमार, सभी थाना एवं ओपी प्रभारी, ट्रैफिक प्रभारी तथा पुलिस केंद्र के परिचारी प्रवर मौजूद रहे। अधिकारियों ने अपने-अपने क्षेत्रों में पूजा को लेकर की जा रही तैयारियों की जानकारी एसपी को दी।
पूजा पंडाल और विसर्जन मार्ग का होगा भौतिक सत्यापन
एसपी ने सभी थाना एवं ओपी प्रभारियों को पूजा समितियों और गणमान्य लोगों के साथ शांति समिति की बैठक करने का निर्देश दिया। लाइसेंसी एवं गैर-लाइसेंसी सभी पूजा पंडालों के साथ विसर्जन जुलूस के मार्गों का भौतिक सत्यापन करने को कहा गया है। अनुमंडल पुलिस पदाधिकारियों को अपने-अपने क्षेत्र में पूजा पंडालों का भ्रमण कर सुरक्षा व्यवस्था का जायजा लेने तथा आवश्यक निर्देश देने को कहा गया।
संवेदनशील स्थानों को चिह्नित कर वहां ड्रोन से निगरानी रखने तथा जुलूस मार्ग में संवेदनशील स्थानों पर बहुमंजिला भवनों की छतों पर पुलिस जवानों की तैनाती का निर्देश दिया गया है।

24 घंटे सक्रिय रहेगा संयुक्त नियंत्रण कक्ष
पूजा के दौरान सुरक्षा व्यवस्था की लगातार निगरानी के लिए संयुक्त नियंत्रण कक्ष 24 घंटे सक्रिय रहेगा। पूजा पंडालों में तैनात पुलिस पदाधिकारी प्रत्येक घंटे वायरलेस के माध्यम से खैरियत रिपोर्ट देंगे। जरूरत के अनुसार पूजा स्थलों पर पुलिस हेल्प डेस्क भी स्थापित किए जाएंगे।
आपात स्थिति से निपटने के लिए क्विक रिस्पांस टीम (क्यूआरटी) को तैयार रखा जाएगा। पुलिस बल को दंगा नियंत्रण से संबंधित आवश्यक संसाधनों से लैस रखने तथा परिस्थिति के अनुसार निरोधात्मक कार्रवाई करने का निर्देश दिया गया है।
सोशल मीडिया पर अफवाह फैलाने वालों पर रहेगी नजर
एसपी ने सोशल मीडिया पर भड़काऊ भाषण, आपत्तिजनक पोस्ट और अफवाह फैलाने वालों पर विशेष निगरानी रखने का निर्देश दिया। सांप्रदायिक सौहार्द बिगाड़ने की कोशिश करने वालों के खिलाफ नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी। इसके अलावा पूजा के नाम पर अवैध चंदा वसूली करने वालों को चिह्नित कर कार्रवाई करने का निर्देश भी दिया गया है।
पूजा समितियों को पुलिस की अपील, आपातकालीन नंबर और सुरक्षा संबंधी निर्देशों वाले बैनर लगाने को कहा गया है, ताकि किसी भी आपात स्थिति में श्रद्धालुओं को आवश्यक जानकारी आसानी से मिल सके।
विसर्जन घाटों पर गोताखोरों की होगी व्यवस्था
विसर्जन की तिथि और जुलूस मार्गों का सत्यापन कर संवेदनशील धार्मिक स्थलों एवं विवादित क्षेत्रों में पर्याप्त पुलिस बल तैनात किया जाएगा। विसर्जन घाटों और नदियों में सुरक्षा के लिए गोताखोरों की व्यवस्था सुनिश्चित करने का निर्देश दिया गया है।
पूजा पंडालों में अग्निशमन उपकरण, प्राथमिक उपचार और आपातकालीन निकास की व्यवस्था सुनिश्चित करने के साथ नजदीकी अस्पतालों को भी अलर्ट रखने को कहा गया है। विजयादशमी के दौरान महिलाओं, बच्चों और बुजुर्गों की सुरक्षा तथा भीड़ के दबाव से भगदड़ जैसी स्थिति से बचाव के लिए आवश्यक सुरक्षात्मक उपाय किए जाएंगे।
डीजे संचालन में हाईकोर्ट के निर्देश का होगा पालन
दुर्गा पूजा और विसर्जन जुलूस के दौरान डीजे संचालन में उच्च न्यायालय के निर्देशों का कड़ाई से पालन कराया जाएगा। पुलिस अधिकारियों को अपने-अपने क्षेत्रों में लगातार भ्रमण कर सुरक्षा व्यवस्था की निगरानी करने तथा किसी भी अप्रिय स्थिति की सूचना मिलने पर तत्काल कार्रवाई सुनिश्चित करने का निर्देश दिया गया है।
![]()





