नलहाटी में फर्जी लॉटरी टिकट गिरोह का भंडाफोड़, छह आरोपी गिरफ्तार, 4 हजार से अधिक टिकट बरामद
क्राइम रिपोर्ट | नकली लॉटरी गिरोह का पर्दाफाश

✍️ रिपोर्ट : निशांत कुमार सानू,
नलहाटी। फर्जी लॉटरी टिकट तैयार कर बाजार में सप्लाई करने वाले गिरोह के खिलाफ मल्लारपुर थाना पुलिस ने बड़ी कार्रवाई करते हुए छह लोगों को गिरफ्तार किया है। पुलिस इस नेटवर्क से जुड़े अन्य सदस्यों की तलाश में जुटी हुई है।
बाहिना मोड़ से तीन आरोपी दबोचे
पुलिस को 25 सितंबर को गुप्त सूचना मिली थी। इसके आधार पर बाहिना मोड़ इलाके में छापेमारी कर माधव साहा, सुभान बाद्यकर और साहेब शाह को गिरफ्तार किया गया। इनके पास से अलग-अलग तारीख और ड्रॉ समय अंकित करीब 4 हजार संदिग्ध फर्जी लॉटरी टिकट बरामद किए गए।

पूछताछ में खुली गिरोह की परतें
गिरफ्तार आरोपियों से पूछताछ के बाद पुलिस ने कार्रवाई तेज करते हुए सफीउल अहमद उर्फ कालू और मोहम्मद हासिल शेख को भी हिरासत में लिया। इनके पास से भी बड़ी संख्या में संदिग्ध लॉटरी टिकट बरामद हुए। 27 और 28 सितंबर की मध्यरात्रि हुई कार्रवाई में अहम सुराग हाथ लगे।
अंबा मोड़ से एक और गिरफ्तारी
जांच के क्रम में मिली जानकारी के आधार पर 28 सितंबर की सुबह अंबा मोड़ में छापेमारी कर पापाई गड़ाई को गिरफ्तार किया गया। पुलिस उसकी भूमिका की गहन जांच कर रही है, खासकर टिकटों की सप्लाई और वितरण को लेकर।
पूरे नेटवर्क की जांच जारी
पुलिस अब फर्जी टिकटों के स्रोत, प्रिंटिंग व्यवस्था, मुख्य सप्लायर, वितरकों और खुदरा विक्रेताओं की कड़ियों को खंगाल रही है। साथ ही टिकटों के जरिए हुए आर्थिक लेन-देन की भी जांच की जा रही है।
पुलिस का कहना है कि गिरफ्तार छह आरोपियों के अलावा इस नेटवर्क में और भी लोग शामिल हो सकते हैं, जिनकी पहचान कर जल्द कार्रवाई की जाएगी।
![]()




