फर्जी कंप्यूटर सर्टिफिकेट के नाम पर 15 लाख की ठगी, यूपी का आरोपी गिरफ्तार
pakur news

रिपोर्ट : निशांत कुमार सानू,
पाकुड़ संवाददाता। फर्जी कंप्यूटर सर्टिफिकेट उपलब्ध कराने और सरकारी योजनाओं का लाभ दिलाने के नाम पर करीब 15 लाख रुपये की कथित ठगी के मामले में नगर थाना पुलिस ने उत्तर प्रदेश के गोरखपुर निवासी रामगोपाल त्रिपाठी को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपी के पास से कथित तौर पर फर्जी दस्तावेज, स्टांप पेपर और कई सिम कार्ड बरामद किए हैं। पूछताछ और जांच के बाद आरोपी को न्यायिक हिरासत में भेज दिया गया।
छात्रों को सर्टिफिकेट देने के नाम पर ली रकम
मामले को लेकर नगर थाना क्षेत्र के तलवाडांगा निवासी आइटी कंप्यूटर सेंटर संचालक रोहन कुमार गुप्ता ने पुलिस को आवेदन दिया था। आवेदन के अनुसार, वर्ष 2024 में आरोपी ने पाकुड़, गोड्डा, चतरा, ओड़िशा और छत्तीसगढ़ समेत विभिन्न क्षेत्रों के छात्रों को कंप्यूटर सर्टिफिकेट उपलब्ध कराने और सरकारी योजनाओं का लाभ दिलाने के नाम पर करीब 15 लाख रुपये लिए थे। आरोप है कि रकम लेने के बाद आरोपी ने संबंधित वेबसाइट और संपर्क नंबर बंद कर दिए।

एक हजार छात्रों के सर्टिफिकेट का हुआ सौदा
हाल में तकनीकी माध्यम से आरोपी का मोबाइल नंबर सक्रिय होने की जानकारी मिली। इसके बाद संचालक ने आरोपी से संपर्क कर एक हजार छात्रों के कंप्यूटर सर्टिफिकेट बनवाने की बात कही। बताया गया कि प्रति अभ्यर्थी 2200 रुपये की दर से सर्टिफिकेट उपलब्ध कराने पर सहमति बनी। इसके बाद आरोपी को पाकुड़ बुलाया गया।
आरोपी के पाकुड़ पहुंचने के बाद संचालक और आसपास मौजूद लोगों ने उसे पकड़ लिया और इसकी सूचना पुलिस को दी। बाद में नगर थाना पुलिस ने आरोपी को हिरासत में लेकर पूछताछ शुरू की।
कई राज्यों में मामले सामने आने की जानकारी
नगर थाना प्रभारी अनिल कुमार गुप्ता ने बताया कि जांच के दौरान आरोपी के पास से फर्जी दस्तावेज, स्टांप पेपर और कई सिम कार्ड बरामद किए गए हैं। तकनीकी जांच के दौरान चतरा जिले के टंडवा थाना में भी आरोपी के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज होने की जानकारी मिली है। इसके अलावा छत्तीसगढ़, ओड़िशा, रायगढ़ और हजारीबाग से भी कथित ठगी से संबंधित सूचनाएं सामने आई हैं।
पुलिस पूरे मामले की जांच कर रही है और आरोपी से जुड़े अन्य मामलों तथा संभावित सहयोगियों के बारे में भी जानकारी जुटाई जा रही है।
![]()





