मंगलहाट में राम-सीता मंदिर से 8 किलो की पीतल की घंटी चोरी, ग्रामीणों में आक्रोश
Rajmahal news

मंगलहाट (राजमहल) : राजमहल थाना क्षेत्र के मंगलहाट स्थित आरक्यूएस कंपनी परिसर में बने राम-सीता मंदिर से अज्ञात चोरों ने पीतल की बड़ी घंटी चोरी कर ली। चोरी की यह घटना रविवार देर रात 12 बजे के बाद की बताई जा रही है। सुबह जब पुजारी मंदिर पहुंचे तो घंटी गायब मिली।

सुबह मंदिर के पुजारी लक्ष्मी मिश्रा पूजा के लिए पहुंचे तो देखा मंदिर की घंटी नहीं है। उन्होंने तुरंत इसकी सूचना कंपनी प्रबंधन और ग्रामीणों को दी। खबर फैलते ही बड़ी संख्या में कंपनी कर्मचारी और स्थानीय लोग मंदिर पर जुट गए और घटना को लेकर आक्रोश जताया।
बताया जाता है कि इस मंदिर का निर्माण आरक्यूएस कंपनी के मालिक दिनेश जालान ने अपनी जमीन पर क्षेत्र के लोगों के लिए कराया है। कंपनी मजदूर संघ के सहयोग से इसका संचालन होता है।
कंपनी प्रबंधक प्रणव प्रसाद ने बताया कि लगभग एक महीने पहले ही कंपनी की ओर से मंदिर में दान स्वरूप करीब 8 किलोग्राम वजनी पीतल की घंटी लगवाई गई थी, जिसकी कीमत लगभग 10 हजार रुपये है। रात के अंधेरे का फायदा उठाकर चोर उसे खोलकर ले गए।
उन्होंने कहा कि मंदिर जैसे धार्मिक स्थल से चोरी होना दुर्भाग्यपूर्ण है, इससे श्रद्धालुओं की आस्था को ठेस पहुंची है।
ग्रामीणों और कंपनी कर्मचारियों ने प्रशासन से मांग की है कि मामले की गंभीरता से जांच कर आरोपियों को जल्द गिरफ्तार किया जाए और उन्हें कड़ी सजा दी जाए। साथ ही क्षेत्र के सभी मंदिरों की सुरक्षा व्यवस्था बढ़ाई जाए।
![]()




