मिड-डे मील में बच्चों की कम उपस्थिति पर 33 स्कूलों से मांगा गया स्पष्टीकरण
जुलाई में पाकुड़ प्रखंड के सरकारी स्कूलों में मात्र 64% रही औसत उपस्थिति, बीईईओ ने अभिभावकों से संपर्क कर उपस्थिति बढ़ाने का दिया निर्देश


पाकुड़ संवाददाता। सदर प्रखंड के सरकारी एवं सहायता प्राप्त विद्यालयों में मध्याह्न भोजन योजना के तहत बच्चों की कम उपस्थिति को लेकर शिक्षा विभाग ने गंभीरता दिखाई है। जुलाई 2026 में प्रखंड औसत से कम उपस्थिति दर्ज करने वाले 33 विद्यालयों के सदस्य संयोजकों से प्रखंड शिक्षा प्रसार पदाधिकारी (बीईईओ) सह प्रखंड समन्वयक ने स्पष्टीकरण मांगा है।
बीईईओ द्वारा जारी ज्ञापांक 670 के अनुसार, जुलाई माह में पाकुड़ प्रखंड के विद्यालयों में मध्याह्न भोजन के दौरान बच्चों की औसत उपस्थिति मात्र 64 प्रतिशत रही। यह जिला औसत से भी कम है। जिला एवं राज्य स्तर पर हुई मासिक समीक्षा में कम उपस्थिति को लेकर वरीय अधिकारियों ने नाराजगी जताते हुए इसका कारण बताने का निर्देश दिया।
स्पष्टीकरण मांगने वाले विद्यालयों में उमवि फरसा, उउवि ईलामी, उउवि बेलडांगा, उमवि तारानगर, उमवि संग्रामपुर, प्रावि भुषका, मध्य विद्यालय झिकरहटी, उमवि जयकिष्टोपुर, उमवि कुड़ापाड़ा, उमवि कुमारपुर, उउवि अंजना, प्रावि मरुआपहाड़ी, उमवि सीतापहाड़ी, प्रावि उदनारायणपुर, उमवि आदर्श बिल्टू सहित कुल 33 विद्यालय शामिल हैं।
बीईईओ ने विद्यालयों के संयोजकों को निर्देश दिया है कि वे कम उपस्थिति के कारणों का स्पष्ट उल्लेख करते हुए जवाब दें। साथ ही विद्यालय से अनुपस्थित रहने वाले बच्चों के अभिभावकों से लगातार संपर्क कर उन्हें स्कूल भेजने के लिए प्रेरित करने को कहा गया है। संकुल साधन सेवियों को भी संबंधित विद्यालयों की नियमित निगरानी कर उपस्थिति में सुधार सुनिश्चित करने का निर्देश दिया गया है।
![]()





