झारखंड समाचारब्रेकिंग न्यूज़स्थानीय समाचार

आदिवासी महोत्सव-2026 को लेकर डीसी ने मोरहाबादी मैदान का किया निरीक्षण, सुरक्षा व्यवस्था के दिए निर्देश

आदिवासी महोत्सव-2026 को लेकर डीसी ने मोरहाबादी मैदान का किया निरीक्षण, सुरक्षा व्यवस्था के दिए निर्देश

रांची। 09 एवं 10 अगस्त 2026 को मोरहाबादी मैदान में आयोजित होने वाले आदिवासी महोत्सव-2026 को लेकर विधि-व्यवस्था एवं सुरक्षा व्यवस्था को सुदृढ़ बनाने के उद्देश्य से उपायुक्त मंजुनाथ भजन्त्री ने मैदान का विस्तृत निरीक्षण किया। इस दौरान वरीय पुलिस अधीक्षक राकेश रंजन भी उपस्थित रहे।

निरीक्षण के दौरान उपायुक्त ने कार्यक्रम स्थल, विभिन्न स्टालों, प्रवेश एवं निकास द्वारों, मंच क्षेत्र, दर्शक दीर्घा तथा आसपास के क्षेत्रों का बारीकी से जायजा लिया। उन्होंने सुरक्षा व्यवस्था, भीड़ नियंत्रण, अग्नि सुरक्षा, प्राथमिक चिकित्सा, स्वच्छता एवं यातायात प्रबंधन से संबंधित कई महत्वपूर्ण दिशा-निर्देश दिए।

उपायुक्त ने अधिकारियों को निर्देशित किया कि महोत्सव के दौरान कानून-व्यवस्था बनाए रखने के लिए पर्याप्त पुलिस बल की तैनाती सुनिश्चित की जाए। स्टालों की सुरक्षा, विद्युत व्यवस्था की जांच तथा आपातकालीन निकास मार्गों को पूरी तरह साफ रखने पर विशेष जोर दिया गया। साथ ही उन्होंने कहा कि आदिवासी संस्कृति एवं परंपराओं का सम्मान करते हुए सभी व्यवस्थाएं सुचारू रूप से संचालित हों।

वरीय पुलिस अधीक्षक राकेश रंजन ने भी सुरक्षा को लेकर विस्तृत निर्देश देते हुए सीसीटीवी निगरानी व्यवस्था को मजबूत करने, संदिग्ध गतिविधियों पर कड़ी नजर रखने तथा प्रवेश द्वारों पर सघन जांच व्यवस्था लागू करने के निर्देश दिए। उन्होंने यातायात पुलिस को निर्देशित किया कि महोत्सव के दौरान मोरहाबादी मैदान एवं आसपास के क्षेत्रों में यातायात सुचारू बनाए रखें तथा वैकल्पिक मार्गों की जानकारी आम लोगों तक पहुंचाएं।

अधिकारियों के साथ समीक्षा बैठक करते हुए कहा गया कि आदिवासी महोत्सव-2026 को सफल एवं सुरक्षित बनाने के लिए सभी तैयारियां समय पर पूरी कर ली जाएं।

गौरतलब है कि इस महोत्सव में झारखंड की समृद्ध आदिवासी संस्कृति, लोक कला, पारंपरिक नृत्य, संगीत, हस्तशिल्प एवं पारंपरिक व्यंजनों का भव्य प्रदर्शन किया जाएगा। बड़ी संख्या में आगंतुकों के पहुंचने की संभावना को देखते हुए जिला प्रशासन पूरी तरह सतर्क है और महोत्सव को शांतिपूर्ण, सुरक्षित एवं यादगार बनाने का लक्ष्य रखा गया है।

Loading

About The Author

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button