बोकारो में होली से पहले अवैध शराब पर बड़ी कार्रवाई, 10 लाख की अंग्रेजी शराब जब्त


बोकारो। होली पर्व को लेकर अवैध शराब के कारोबार पर शिकंजा कसते हुए बोकारो पुलिस ने बड़ी कार्रवाई की है। चतरोचट्टी थाना क्षेत्र के नरकुड़ी गांव में छापेमारी कर पुलिस ने भारी मात्रा में अवैध विदेशी (अंग्रेजी) शराब बरामद की है। करीब 10 लाख रुपये मूल्य की शराब जब्त की गई है। मौके से एक आरोपी को गिरफ्तार किया गया है, जबकि अन्य की तलाश में छापेमारी जारी है।
मामले की जानकारी बोकारो के एसपी ने प्रेस वार्ता में दी। इस दौरान एसडीपीओ बेरमो और इंस्पेक्टर गोमिया भी उपस्थित थे।
पुलिस के अनुसार, चतरोचट्टी थाना प्रभारी को गुप्त सूचना मिली थी कि नरकुड़ी स्थित एक मकान में भारी मात्रा में नकली विदेशी शराब का भंडारण किया गया है। सूचना के सत्यापन के बाद वरीय अधिकारियों के निर्देश पर छापेमारी दल का गठन किया गया।
छापेमारी के दौरान मकान मालिक सोना महतो को मौके से गिरफ्तार किया गया। तलाशी के क्रम में कमरे से विभिन्न ब्रांड की अवैध विदेशी शराब की बड़ी खेप बरामद की गई।
बरामद शराब का विवरण इस प्रकार है—
- ICONIQ WHITE (375 एमएल) – 1080 पीस
- ROYAL STAGE (180 एमएल) – 1104 पीस
- ROYAL STAGE (375 एमएल) – 504 पीस
पुलिस ने बताया कि जब्त शराब की कुल अनुमानित कीमत करीब 10 लाख रुपये है। मामले में उत्पाद अधिनियम के तहत प्राथमिकी दर्ज कर आगे की कार्रवाई की जा रही है। अन्य संलिप्त आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए लगातार छापेमारी जारी है।
![]()




