झारखंडस्थानीय समाचार

मंडरो प्रखंड में मलेरिया के बढ़ते मामलों पर स्वास्थ्य विभाग सतर्क,सिविल सर्जन ने किया प्रभावित गांवों का दौरा

मंडरो प्रखंड में मलेरिया के बढ़ते मामलों पर स्वास्थ्य विभाग सतर्क,सिविल सर्जन ने किया प्रभावित गांवों का दौरा

बरहरवा (साहिबगंज) — मंडरो प्रखंड क्षेत्र में मलेरिया के बढ़ते मामलों को लेकर स्वास्थ्य विभाग पूरी तरह से सतर्क हो गया है। मंगलवार को साहिबगंज के सिविल सर्जन डॉ. प्रवीण कुमार संथालिया ने खैरवा उपस्वास्थ्य केंद्र अंतर्गत परसा पहाड़, बाबूपुर परसा, तारापहाड़ सहित कई प्रभावित गांवों का दौरा कर मलेरिया की स्थिति का जायजा लिया। उन्होंने मौके पर मेडिकेटेड मच्छरदानी का वितरण भी किया और लोगों को मलेरिया से बचाव के तरीके बताए।

गौरतलब है कि हाल ही में नगर भीठा और उसके आसपास के गांवों में मलेरिया पॉजिटिव केस सामने आए हैं, जिससे क्षेत्र में स्वास्थ्य विभाग की सक्रियता और भी बढ़ गई है। विभाग की ओर से लगातार कैंप लगाकर जांच, उपचार और दवा वितरण का कार्य किया जा रहा है।

सिविल सर्जन डॉ. संथालिया ने ग्रामीणों को मलेरिया के लक्षणों की जानकारी देते हुए कहा कि बुखार, ठंड लगना, पसीना आना और कमजोरी इसके सामान्य लक्षण हैं। उन्होंने ग्रामीणों से अपील की कि यदि ऐसे लक्षण दिखाई दें तो तुरंत नजदीकी स्वास्थ्य केंद्र पर जांच कराएं और मलेरिया की पुष्टि होने पर नियमित दवा लें।

उन्होंने बताया कि मलेरिया की रोकथाम के लिए मच्छरदानी का प्रयोग बेहद आवश्यक है। इसलिए सभी ग्रामीणों को निर्देश दिया गया कि वे रात में सोते समय मच्छरदानी का उपयोग अनिवार्य रूप से करें। उन्होंने यह भी बताया कि मलेरिया मच्छर के काटने से फैलता है और इसे रोकने के लिए साफ-सफाई और सतर्कता बेहद जरूरी है।

डॉ. संथालिया ने कहा कि स्वास्थ्य विभाग की टीमें लगातार प्रभावित गांवों में निगरानी कर रही हैं और हर घर में जाकर स्क्रीनिंग और दवा वितरण किया जा रहा है। उन्होंने कहा कि मच्छरदानी वितरण के साथ-साथ समुदायिक सहभागिता से ही संक्रमण की श्रृंखला को तोड़ा जा सकता है। इसलिए लोगों की भागीदारी बेहद अहम है।

इस दौरान विश्व स्वास्थ्य संगठन के एसएमओ डॉ. धरुण प्रसाद, वीबीडी कंसल्टेंट डॉ. सती बाबू डाबड़ा, एमटीएस तौसीफ अहमद, प्रवीर कुमार सिन्हा, रंजन कुमार, सीएचओ स्नेहलता, एमपीडब्ल्यू अवधेश कुमार तथा सहिया सहित कई स्वास्थ्य कर्मी मौजूद थे।

Loading

About The Author

Related Articles

Back to top button