झारखंडस्थानीय समाचार

उदयीमान सूर्य को अर्घ्य देने के साथ चैती छठ महापर्व का हुआ समापन

उदयीमान सूर्य को अर्घ्य देने के साथ चैती छठ महापर्व का हुआ समापन

बरहरवा। लोक आस्था का महापर्व चैती छठ शुक्रवार को उदयीमान सूर्य को अर्घ्य देने के साथ संपन्न हो गया। चार दिवसीय इस पावन पर्व को श्रद्धालुओं ने पूरे विधि-विधान के साथ मनाया। राजमहल सहित आसपास के ग्रामीण इलाकों में छठ पूजा की भव्यता देखने को मिली। इस अवसर पर गंगा घाटों पर हजारों श्रद्धालुओं की भीड़ उमड़ी, जिन्होंने उगते सूर्य को अर्घ्य देकर छठी मइया से परिवार की सुख-समृद्धि की कामना की।

गंगा घाटों पर उमड़ा श्रद्धालुओं का जनसैलाब

शहर के गोदारा घाट, काली घाट, सूर्य देव घाट सहित अन्य पवित्र घाटों पर छठ व्रतियों ने अहले सुबह गाजे-बाजे के साथ डाला लेकर घर से निकले और छठ मईया की स्तुति गीत गाते हुए गंगा घाटों पर पहुंचे। श्रद्धालुओं ने सूर्य देव एवं छठ मइया की आराधना करते हुए दंडवत प्रणाम किया। भक्तिमय माहौल में व्रतियों ने गंगा जल से सूर्य को अर्घ्य दिया और पारंपरिक रीति-रिवाज के साथ व्रत का समापन किया।

व्यवस्था में दिखा प्रशासन और समिति का सहयोग

छठ पूजा के सफल आयोजन के लिए सार्वजनिक छठ पूजा समिति और सूर्य देव घाट कमेटी द्वारा विशेष व्यवस्था की गई थी। घाटों की सफाई, लाइटिंग, सुरक्षा, और अन्य सुविधाओं का पूरा ध्यान रखा गया था, ताकि श्रद्धालुओं को किसी प्रकार की असुविधा न हो। नगर पंचायत द्वारा गंगा घाटों पर बैरिकेडिंग की व्यवस्था की गई थी, जिससे भीड़ को नियंत्रित किया जा सके।

कमेटी और प्रशासन के लोग रहे मौजूद

पूजा समिति के सदस्यों ने भी छठ महापर्व के दौरान महत्वपूर्ण भूमिका निभाई। कमेटी के ओम जय कुमार, संजीव दे, सोहन प्रमाणिक, जय राम साहा सहित अन्य सदस्य घाटों पर व्यवस्थाओं की देखरेख में जुटे रहे।

Loading

About The Author

Related Articles

Back to top button