गोमिया (बोकारो):
सीसीएल कथारा क्षेत्र अंतर्गत स्वांग दक्षिणी पंचायत के हजारी मोड़ स्थित आवासीय कॉलोनियों की सड़कें पूरी तरह जर्जर हो चुकी हैं। हजारी मोड़ टाइप थ्री, टाइप टू और मंदिर कॉलोनी की सड़कें पिछले दो वर्षों से उपेक्षा का शिकार बनी हुई हैं, जिससे स्थानीय लोगों का जीवन मुश्किल हो गया है।
सड़कों पर बड़े-बड़े गड्ढे बन गए हैं, जिनमें हल्की बारिश होते ही पानी भर जाता है और फिसलन बढ़ जाती है। ऐसे में पैदल चलना भी जोखिम भरा हो गया है। बाइक और साइकिल सवार आए दिन दुर्घटनाओं का शिकार हो रहे हैं। वहीं, सड़क किनारे कचरे के ढेर और जलजमाव से संक्रमण फैलने का खतरा भी बना हुआ है।
वार्ड 14 और 15 की हालत सबसे खराब
स्वांग दक्षिणी पंचायत के वार्ड संख्या 14 और 15 की स्थिति सबसे ज्यादा खराब बताई जा रही है। ग्रामीणों के अनुसार, स्कूल जाने वाले बच्चों और बुजुर्गों को भारी परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है। बीमार लोगों को अस्पताल ले जाने में भी काफी दिक्कतें आती हैं।
सीसीएल प्रबंधन ने दिया आश्वासन
इस मामले में मुखिया प्रतिनिधि एवं पूर्व मुखिया धन्नजय सिंह ने बताया कि सड़क की समस्या को लेकर सीसीएल के सीएमडी और जीएम से कई बार बातचीत की गई है। प्रबंधन ने सड़क निर्माण के लिए जल्द निविदा जारी करने का आश्वासन दिया है। प्रक्रिया पूरी होते ही कार्य शुरू किया जाएगा।
ग्रामीणों ने सीसीएल प्रबंधन और जिला प्रशासन से मांग की है कि बरसात शुरू होने से पहले सड़कों की मरम्मत कराई जाए, ताकि आवागमन सुगम हो सके। दो वर्षों से खराब सड़क झेल रहे लोग अब जल्द समाधान की उम्मीद कर रहे हैं।