पाकुड़: वीआईपी रोड, पाकुड़ पर शनिवार को फाइलेरिया उन्मूलन को लेकर विशेष जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किया गया। कार्यक्रम में उपायुक्त मनीष कुमार, विशेष कार्य पदाधिकारी त्रिभुवन कुमार सिंह तथा जिला वीबीडी पदाधिकारी डॉ. अमित कुमार उपस्थित रहे। इस दौरान सभी टोटो चालकों को फाइलेरिया रोधी दवा का सेवन कराया गया।
उपायुक्त मनीष कुमार ने लोगों से फाइलेरिया रोधी दवा अवश्य लेने की अपील करते हुए कहा कि सामूहिक भागीदारी से ही जिले को फाइलेरिया मुक्त बनाया जा सकता है। साथ ही टोटो चालकों के माध्यम से व्यापक जनजागरूकता फैलाने के उद्देश्य से फाइलेरिया संबंधी संदेश अंकित टी-शर्ट का भी वितरण किया गया।
कार्यक्रम के अंत में उपायुक्त ने टोटो चालकों को हरी झंडी दिखाकर रवाना किया और उनसे अपील की कि वे अपने यात्रियों को भी फाइलेरिया रोधी दवा सेवन के लिए प्रेरित करें, ताकि जिले को फाइलेरिया मुक्त बनाने के अभियान को गति मिल सके। यह पहल पाकुड़ जिले में स्वास्थ्य जागरूकता बढ़ाने की दिशा में महत्वपूर्ण कदम माना जा रहा है।