गोमिया: ललपनिया थाना द्वारा क्षेत्र की सीमाओं पर थाना सीमा निर्धारण बोर्ड स्थापित किए गए हैं। बोकारो एसपी के निर्देश पर थाना क्षेत्र में सुरक्षा और आमजन की सुविधा को ध्यान में रखते हुए सभी प्रमुख सीमाओं पर ये बोर्ड लगाए गए।
थाना प्रभारी ने बताया कि इन बोर्डों पर थाना प्रभारी सहित सभी वरीय पुलिस पदाधिकारियों के मोबाइल नंबर स्पष्ट रूप से अंकित किए गए हैं, ताकि क्षेत्र में आने-जाने वाले लोग जरूरत पड़ने पर तुरंत संपर्क कर सकें। इसके साथ ही किसी भी आपातकालीन स्थिति में सीधे नियंत्रण कक्ष से संपर्क स्थापित करने के लिए डायल 112 नंबर को भी प्रमुखता से दर्शाया गया है।
थाना सीमा निर्धारण बोर्ड लगाए जाने से न केवल आम लोगों को पुलिस से संपर्क करने में आसानी होगी, बल्कि क्षेत्र की सुरक्षा व्यवस्था को और मजबूत करने की उम्मीद जताई जा रही है। यह पहल गोमिया क्षेत्र में पुलिस-जन सहयोग बढ़ाने की दिशा में महत्वपूर्ण कदम माना जा रहा है।