प्रेम कुमार साहू,
घाघरा (गुमला)घाघरा थाना क्षेत्र के देवाकी के समीप अज्ञात बॉक्साइट वाहन की चपेट में आने से दो मोटरसाइकिल पर सवार पांच लोग गंभीर रूप से घायल हो गए। घायलों में लोहरदगा चितरु डाडू निवासी सूरज उरांव, एकागुड़ी लोहरदगा निवासी मनीष उरांव, आकाश उरांव, बड़काडीह निवासी जितेंद्र लोहरा तथा लेहा टुकुटोली निवासी विश्वनाथ लोहरा शामिल हैं।
घटना की सूचना मिलते ही घाघरा पुलिस के साथ समाजसेवी एवं कांग्रेस के जिला महासचिव कृष्ण कुमार लोहरा और समाजसेवी अमित ठाकुर घटनास्थल पर पहुंचे। सभी घायलों को टेंपो के माध्यम से सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र घाघरा भेजा गया, जहां चिकित्सकों ने प्राथमिक उपचार किया। बाद में बेहतर इलाज के लिए सभी घायलों को गुमला सदर अस्पताल रेफर कर दिया गया।
मिली जानकारी के अनुसार जितेंद्र लोहरा और विश्वनाथ लोहरा बड़काडीह से लेहा टुकुटोली गांव मोटरसाइकिल से जा रहे थे। वहीं दूसरी मोटरसाइकिल पर आकाश, मनीष और सूरज घाघरा से आदर की ओर जा रहे थे। इसी दौरान अज्ञात बॉक्साइट ट्रक ने दोनों मोटरसाइकिलों को टक्कर मार दी, जिससे पांचों लोग गंभीर रूप से घायल हो गए।
घटना के बाद ट्रक चालक वाहन लेकर फरार हो गया। पुलिस मामले की जांच में जुटी हुई है।