लातेहार। सदर थाना क्षेत्र अंतर्गत NH-39 पर आरपीएफ कैंप के समीप मंगलवार शाम करीब 5 बजे कार और बाइक के बीच हुई भीषण टक्कर में एक युवक की मौके पर ही दर्दनाक मौत हो गई, जबकि दूसरा युवक गंभीर रूप से घायल हो गया।
स्थानीय लोगों की सहायता से घायल युवक को तत्काल इलाज के लिए लातेहार सदर अस्पताल लाया गया, जहां उसकी स्थिति नाजुक बनी हुई है।
मृतक की पहचान पवन यादव (पिता– सकेन्द्र यादव) के रूप में हुई है। वह लातेहार थाना क्षेत्र के ग्राम बोडा (सवानो) का निवासी बताया जा रहा है। वहीं घायल युवक की पहचान मुकेश यादव (पिता– सुरेन्द्र यादव) के रूप में हुई है, जो कढ़िमा, पोस्ट पांडेयपुरा, थाना लातेहार का निवासी है।
घटना की सूचना मिलते ही सदर थाना पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए सदर अस्पताल भेज दिया। पुलिस ने दुर्घटनाग्रस्त वाहनों को जब्त कर मामले की जांच शुरू कर दी है। प्रारंभिक जांच में तेज रफ्तार को हादसे का कारण माना जा रहा है।
इधर, घटना की जानकारी मिलने के बाद रांची से लातेहार आने के क्रम में पूर्व शिक्षा मंत्री सह झामुमो के केंद्रीय उपाध्यक्ष बैजनाथ राम सीआरपीएफ कैंप के समीप वाहन से उतरकर घटनास्थल का जायजा लिया और घटना पर गहरा दुख व्यक्त किया।