जनता दरबार में सुनी गई शिकायतें, जांचोपरांत शीघ्र समाधान का आश्वासन
पाकुड़ : मंगलवार को समाहरणालय स्थित कार्यालय कक्ष में उपायुक्त श्री मनीष कुमार की अध्यक्षता में जनता दरबार का आयोजन किया गया। आम जनमानस की समस्याओं के त्वरित समाधान और निष्पादन को लेकर आयोजित इस कार्यक्रम में जिले के शहरी एवं ग्रामीण क्षेत्रों से आए लोगों ने अपनी-अपनी समस्याएं उपायुक्त के समक्ष रखीं।
उपायुक्त ने सभी आवेदकों की शिकायतों को एक-एक कर गंभीरता से सुना और आश्वस्त किया कि प्राप्त सभी आवेदनों की जांच कराते हुए यथाशीघ्र समाधान सुनिश्चित किया जाएगा।
जनता दरबार में पशुपालन विभाग, भूमि संबंधी मामलों, जन्मतिथि सुधार, स्वास्थ्य विभाग सहित विभिन्न विभागों से संबंधित शिकायतें प्राप्त हुईं। शिकायतों को सुनने के बाद उपायुक्त ने संबंधित विभागों के अधिकारियों को निर्देश दिया कि वे सभी आवेदनों की भौतिक जांच कर शीघ्र समाधान करें।
साथ ही उपायुक्त ने निर्देशित किया कि इन सभी शिकायतों पर त्वरित कार्रवाई करते हुए एक सप्ताह के भीतर अपनी प्रतिपुष्टि उपायुक्त कार्यालय को उपलब्ध कराएं, ताकि शिकायतों के निष्पादन की प्रक्रिया प्रभावी और समयबद्ध हो सके।