गोमिया:झारखंड प्रदेश भाजपा अध्यक्ष, भाजपा विधायक दल के नेता सह पूर्व मुख्यमंत्री बाबूलाल मरांडी ने कहा है कि भाजपा भ्रष्टाचार के मुद्दे पर जीरो टॉलरेंस की नीति पर चल रही है और सबका साथ सबका विकास के साथ पार्टी कार्य कर रही है। पूर्व मुख्यमंत्री श्री मरांडी सोमवार को गोमिया में विवाह समारोह में शामिल होने के पश्चात पत्रकारों से बात करते हुए उक्त बातें कही।
श्री मरांडी ने कहा कि झारखंड गठन के बाद जब मैं राज्य की बागडोर संभाली थी, उस समय उग्रवाद चरम सीमा पर था और राज्य को पटरी पर लाने के लिए काफी मेहनत करना पड़ा। उसके बाद राज्य में भाजपा गठबंधन की सरकार द्वारा आमलोगों के हित में कई कल्याणकारी योजनाओं को लागू किया और उसको लागू भी किया। कहा कि इससे आमलोगों को काफी सहूलियत मिली।
इसके बाद राज्य की व्यवस्था को सुदृढ़ करने के लिए कार्य किया गया। लेकिन 2019 में राज्य में महागठबंधन की सरकार बनी। अभी राज्य में चारों ओर भ्रष्टाचार व्याप्त है और आमलोगों को विकास के नाम पर सिर्फ बरगलाने का कार्य किया जा रहा है। कहा कि राज्य में भ्रष्टाचार के मुद्दे पर भाजपा मुखर है और विधानसभा में भाजपा विधायकों द्वारा बार बार इस मामले को उठाया जा रहा है।
कहा कि भाजपा इस मुद्दे को लेकर जनता के पास जाएगी।
मौके पर बोकारो जिला भाजपा अध्यक्ष जयदेव राय,विधायक नागेंद्र महतो, भाजपा उपाध्यक्ष डा सुरेंद्र राज, पूर्व सांसद रविन्द्र पांडेय, पूर्व विधायक योगेश्वर महतो बाटुल, भाजपा नेता लक्ष्मण कुमार नायक, जिला महासचिव अनिल स्वर्णकार, गंदौरी राम, चन्दना डे, शिव शंकर दुबे,बबलू पांडेय,प्रमोद राम, दुलाल प्रसाद, रोहित यादव , प्रमोद स्वर्णकार, गजेंद्र कुमार, ओमकिंकर वर्मा आदि उपस्थित थे।