प्रेम कुमार साहू की रिपोर्ट,
गुमला जिले के घाघरा थाना क्षेत्र अंतर्गत कुगांव गांव में बुधवार को एक दुखद घटना में 65 वर्षीय भिखुवा उरांव की तालाब में डूबने से मौत हो गई।
मिली जानकारी के अनुसार, भिखुवा उरांव सुबह अपनी भैंसों को चारा खिलाने और स्नान कराने के लिए गांव के पास स्थित तालाब में ले गया था। भैंसों को पानी में छोड़ने के बाद वह खुद भी स्नान के लिए तालाब में उतरा, लेकिन काफी देर बाद तक वह बाहर नहीं निकला।
ग्रामीणों द्वारा काफी देर इंतजार करने के बाद जब भिखुवा का कुछ पता नहीं चला तो उन्होंने उसकी तलाश शुरू की। तालाब में काफी खोजबीन के बाद भी जब कोई सफलता नहीं मिली, तो घटना की सूचना घाघरा थाना को दी गई।
मौके पर पहुंची पुलिस टीम ने भी ग्रामीणों की मदद से शव की तलाश की, परंतु अभी तक शव बरामद नहीं हो सका है।अब प्रशासन द्वारा NDRF (राष्ट्रीय आपदा मोचन बल) की टीम को बुलाया गया है, जो विशेष उपकरणों की मदद से तालाब में डूबे शव की तलाश करेगी। इस घटना से गांव में शोक की लहर है।