इस गिरोह ने बासुकीनाथ मंदिर में इस साल 1 जनवरी को पूजा के दौरान राजस्थान हाई कोर्ट के एक न्यायाधीश का मोबाइल फोन चोरी किया था
दुमका स्थित प्रसिद्ध बासुकीनाथ मंदिर में इस साल 1 जनवरी को पूजा के दौरान राजस्थान हाई कोर्ट के एक न्यायाधीश का मोबाइल फोन चोरी हो गया था। पुलिस ने इस मामले का खुलासा करते हुए मोबाइल चोरों के एक इंटर स्टेट गैंग का खुलासा किया है।पुलिस ने बताया कि बिहार, पश्चिम बंगाल और बांग्लादेश के बॉर्डर इलाके में छापेमारी कर गैंग के चार सदस्यों को गिरफ्तार किया गया है। उनके पास से न्यायाधीश के मोबाइल फोन के अलावा चोरी के कुल आठ मोबाइल बरामद किए गए हैं।
जरमुंडी थाना प्रभारी श्यामानंद मंडल ने बताया कि 1 जनवरी 2025 को बासुकीनाथ धाम मंदिर में भीड़-भाड़ का फायदा उठाकर चोरों ने राजस्थान के जस्टिस सहित कई श्रद्धालुओं का मोबाइल चुरा लिया था। इस संबंध में जरमुंडी थाने में एफआईआर दर्ज की गई थी। पुलिस के वरिष्ठ अधिकारियों के निर्देश पर इस मामले की जांच के लिए स्पेशल टीम गठित की गई थी। इस टीम ने टेक्निकल साक्ष्यों के आधार पर साहेबगंज जिले के तीनपहाड़ थाना क्षेत्र के बाबूपुर गांव से दो लोगों को गिरफ्तार किया। इसके बाद उनकी निशानदेही पर बिहार, पश्चिम बंगाल एवं बांग्लादेश बॉर्डर से दो अन्य को पकड़ा गया। चोरी गए मोबाइल भी उनके पास से बरामद किए गए हैं।