सिगरेट मांगने को लेकर विवाद में दोस्त की गोली मारकर हत्या,मुख्य आरोपी गिरफ्तार
दोस्ती का रिश्ता बना दुश्मनी,सिगरेट के विवाद में सोनू की हत्या

आदित्यपुर। सरायकेला जिले के आदित्यपुर थाना अंतर्गत सतवाहिनी जमालपुर में 9 नवंबर की शाम हुए चर्चित सोनू कुमार हत्याकांड का पुलिस ने खुलासा कर दिया है। पुलिस ने शुक्रवार को सापड़ा पुल के पास छापेमारी कर मुख्य आरोपी विशाल कुमार सिंह (26 वर्ष) को गिरफ्तार किया है। उसकी निशानदेही पर हत्या में इस्तेमाल की गई पिस्टल और मोबाइल फोन भी बरामद किया गया है। आदित्यपुर थाना में आयोजित प्रेस वार्ता में सरायकेला के अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी (एसडीपीओ) अनुभव भारद्वाज ने मामले की जानकारी दी।
शराब पीने के दौरान सिगरेट को लेकर हुआ विवाद
एसडीपीओ अनुभव भारद्वाज ने बताया कि सतबोहनी जमालपुर निवासी मृतक सोनू कुमार (पिता मनोज कुमार साव) और सतवाहिनी निवासी आरोपी विशाल कुमार सिंह (पिता दिनेश सिंह) के बीच पिछले कुछ महीनों से गहरी दोस्ती थी। दोनों के परिवार भी एक-दूसरे को अच्छी तरह जानते थे।

घटना वाले दिन शाम करीब 7:15 बजे दोनों दोस्त साथ बैठकर शराब पी रहे थे। इसी दौरान सिगरेट मांगने जैसी मामूली बात को लेकर दोनों के बीच कहासुनी शुरू हो गई। विवाद बढ़ने पर गुस्से में आकर विशाल ने पिस्टल निकालकर सोनू को गोली मार दी। गोली लगने से सोनू की मौके पर ही मौत हो गई।
वारदात के बाद बिहार भाग गया था आरोपी
हत्या की वारदात को अंजाम देने के बाद आरोपी विशाल उसी रात डिमना चौक से बस पकड़कर बिहार के शेरघाटी भाग गया था। मामले के उद्भेदन के लिए सरायकेला पुलिस अधीक्षक के निर्देश पर विशेष टीम गठित की गई थी। पुलिस टीम लगातार आरोपी की तलाश में जुटी थी। इसी क्रम में शुक्रवार को सापड़ा पुल के पास से उसे गिरफ्तार कर लिया गया।
पिस्टल और मोबाइल फोन बरामद
पुलिस ने आरोपी की निशानदेही पर हत्या में इस्तेमाल की गई पिस्टल और उसका मोबाइल फोन जब्त किया है। गिरफ्तारी के बाद पुलिस मामले से जुड़े अन्य पहलुओं की जांच कर रही है।
![]()





