पाकुड़ जिला क्रिकेट संघ विवाद: अर्जुन सिंह ने दिया 3 दिन का अल्टीमेटम
पाकुड़ जिला क्रिकेट संघ में बगावत! पूर्व क्रिकेटर अर्जुन सिंह ने खोला मोर्चा, कमेटी भंग करने के लिए दिया 3 दिन का अल्टीमेटम

रिपोर्ट:निशांत कुमार सानू,
पाकुड़ संवाददाता । पाकुड़ जिला क्रिकेट संघ (PDCA) में अंदरूनी कलह अब बगावत का रूप लेने लगी है। वर्तमान कमेटी की कार्यशैली के खिलाफ विरोध के स्वर बुलंद हो गये हैं। पूर्व क्रिकेटर अर्जुन सिंह ने संघ नेतृत्व के खिलाफ सीधा मोर्चा खोलते हुए वर्तमान कमेटी को भंग करने की मांग कर दी है। उन्होंने कमेटी पर मनमानी, पारदर्शिता की अनदेखी और वित्तीय अनियमितताओं के गंभीर आरोप लगाकर जिला क्रिकेट जगत में खलबली मचा दी है।
तीन दिन की मोहलत, फिर आर-पार की लड़ाई
अर्जुन सिंह ने अपनी मांगों पर कार्रवाई के लिए संघ को महज तीन दिनों का अल्टीमेटम दिया है। उन्होंने दो टूक चेतावनी दी है कि तय समय सीमा के भीतर वर्तमान कमेटी को भंग करने की दिशा में ठोस पहल नहीं हुई, तो विरोध सड़क पर उतरेगा। आंदोलन और प्रदर्शन के साथ संघ के खिलाफ पुतला दहन किया जायेगा। इतना ही नहीं, जरूरत पड़ने पर इस मामले को लेकर कानूनी लड़ाई भी लड़ी जायेगी। उनके इस ऐलान से संघ के भीतर जारी असंतोष अब सार्वजनिक टकराव में बदलता दिख रहा है।

वित्तीय पारदर्शिता पर सवाल, हिसाब सार्वजनिक करने की मांग
वर्तमान कमेटी पर लगे आरोपों ने संघ के कामकाज और वित्तीय व्यवस्था को सवालों के घेरे में ला दिया है। सवाल उठ रहा है कि खिलाड़ियों के हित और जिले में क्रिकेट के विकास के लिए गठित संस्था में आखिर ऐसी स्थिति क्यों पैदा हुई? यदि वित्तीय अनियमितताओं के आरोप लग रहे हैं, तो संघ की आय-व्यय का पूरा ब्योरा सार्वजनिक कर स्थिति स्पष्ट करनी चाहिए। हालांकि, लगाए गए आरोपों की स्वतंत्र पुष्टि नहीं हुई है।
सचिव ने झाड़ा पल्ला, बोले- ‘नो कमेंट’
विवाद पर संघ का पक्ष जानने के लिए सचिव प्रणय तिवारी से संपर्क किया गया, लेकिन उन्होंने आरोपों पर कोई सफाई देने के बजाय सिर्फ ‘नो कमेंट’ कहकर अपनी प्रतिक्रिया समाप्त कर दी। सचिव की इस संक्षिप्त प्रतिक्रिया के बाद विवाद को लेकर चर्चाएं और तेज हो गयी हैं।
अब तीन दिन बाद होगा अगला फैसला!
फिलहाल, अर्जुन सिंह के अल्टीमेटम ने पाकुड़ जिला क्रिकेट संघ के सामने चुनौती खड़ी कर दी है। अब सबकी निगाहें तीन दिनों की समयसीमा पर टिकी हैं। संघ नेतृत्व आरोपों का जवाब देकर विवाद सुलझाता है या फिर मामला आंदोलन और कानूनी लड़ाई तक पहुंचता है, यह आने वाले दिनों में स्पष्ट होगा। सबसे बड़ा सवाल यह है कि संघ की इस अंदरूनी लड़ाई में जिले के युवा क्रिकेटरों और क्रिकेट के भविष्य का क्या होगा?
![]()




