पतना में मलेरिया-डेंगू समेत छह बीमारियों पर नियंत्रण की तैयारी, सहियाओं को मिला प्रशिक्षण
पतना में छह वेक्टर जनित बीमारियों की रोकथाम को लेकर सहियाओं को दिया गया प्रशिक्षण, लक्षण पहचानने के बताए गए तरीके

रिपोर्ट : साहिल साह,
पतना (साहिबगंज)। मलेरिया, डेंगू, कालाजार समेत छह वेक्टर जनित बीमारियों पर नियंत्रण और समय रहते मरीजों की पहचान सुनिश्चित करने के लिए स्वास्थ्य विभाग ने तैयारी तेज कर दी है। इसी कड़ी में शुक्रवार को सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र पतना (रांगा) के सभागार में सहियाओं के लिए एक दिवसीय प्रशिक्षण कार्यक्रम आयोजित किया गया।
प्रभारी चिकित्सा पदाधिकारी डॉ. समसुल हक की अध्यक्षता में आयोजित इस प्रशिक्षण में शहरी एवं शिवा पहाड़ क्लस्टर की सहियाओं ने भाग लिया। कार्यक्रम में उन्हें विभिन्न बीमारियों के शुरुआती लक्षणों की पहचान, जांच की प्रक्रिया, बचाव के उपाय और मरीजों को समय पर स्वास्थ्य केंद्र पहुंचाने की जानकारी दी गई।

छह बीमारियों के लक्षण और बचाव की दी जानकारी
प्रशिक्षण के दौरान केटीएस असीमुल हक एवं बीटीटी कृपा सिंधु रजक ने मलेरिया, कालाजार, फाइलेरिया, डेंगू, चिकनगुनिया और जापानी इंसेफेलाइटिस (जेई) के लक्षण, संक्रमण के कारण तथा बचाव के उपायों के बारे में विस्तार से बताया।
उन्होंने कहा कि इन बीमारियों की रोकथाम में जनजागरूकता की महत्वपूर्ण भूमिका है। सहियाओं को ग्रामीण क्षेत्रों में साफ-सफाई बनाए रखने, मच्छरों से बचाव करने और बीमारी के शुरुआती लक्षण दिखाई देने पर तत्काल जांच कराने के लिए लोगों को जागरूक करने का निर्देश दिया गया।
जांच किट के इस्तेमाल का दिया गया प्रशिक्षण
एलटी अरविंद मंडल ने सहियाओं को जांच किट के माध्यम से बीमारियों की पहचान करने की प्रक्रिया समझाई। उन्होंने जांच के दौरान बरती जाने वाली सावधानियों और समय पर जांच कराने के महत्व पर प्रकाश डाला।
उन्होंने बताया कि शुरुआती स्तर पर बीमारी की पहचान होने से मरीज को समय पर उचित उपचार उपलब्ध कराने में मदद मिलती है। सहियाओं को अपने-अपने क्षेत्रों में स्वास्थ्य संबंधी गतिविधियों को सक्रिय रूप से संचालित करने के लिए प्रेरित किया गया।
स्वास्थ्यकर्मी एवं सहियाएं रहीं उपस्थित
प्रशिक्षण कार्यक्रम में बीडीएम एवं बीएएम मधुसूदन महतो, एसटीएस संजय किस्कू, एमपीडब्ल्यू उमेश कुमार मंडल, विनोद मंडल, कुतुब अंसारी, परमानंद मंडल, बीटीटी सबीना टुड्डू, कृपा सिंधु रजक सहित सहिया मालती देवी, दीपा देवी, बहा मरांडी एवं अन्य स्वास्थ्यकर्मी उपस्थित रहे।
![]()




